मौसम बिगड़ने के बाद सैलानियाें को बर्फ गिरने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। नए साल के बाद अब बर्फबारी देखने की उम्मीद में सैकड़ों सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। वीकेंड के लिए शहर के होटलों में एडवांस बुकिंग जारी है। वहीं शिमला शहर में वीरवार को दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं।
मनाली में वीरवार को बर्फबारी होने के बाद नए साल मनाने शिमला पहुंचे सैलानियों ने वहां का रुख कर लिया है। हालांकि इस दौरान कुफरी में भी बर्फ के फाहे भी गिरे, वहीं शिमला शहर में हल्की बारिश हुई। इस दौरान ठंड बढ़ने के बाद सैलानियों को उम्मीद जगी है कि यहां भी बर्फ देखने को मिल सकती है जिसके चलते जो सैलानी वीरवार को वापस जा रहे थे वह एक और दो दिन तक यहीं रुक गए। महाराष्ट्र से शिमला घूमने परिवार के साथ पहुंचे गौरव शर्मा ने बताया कि वह नया साल मनाने के लिए शिमला आए थे, इसके बाद वीरवार को लौटना था लेकिन बच्चों को बर्फ देखने का मन था। इसलिए दो और दिन यहीं रुकेंगे। उम्मीद है कि इस दौरान बर्फ पड़ जाए। 30 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले और जनजातीय इलाकों में बर्फबारी तथा निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। दो जनवरी तक मौसम के मिजाज बिगड़े रहने का अनुमान है, जिससे पर्यटन सीजन के लंबा चलने की उम्मीद बंधी है। पर्यटन से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि मानसून के दौरान आई आपदा से पर्यटन उद्योग को भारी नुकसान हुआ था। अब विंटर सीजन से इसकी भरपाई की उम्मीद है।