शिमला। वीकेंड के साथ होली की छुट्टियों में रिकॉर्ड तोड़ सैलानियों ने शिमला का रुख किया। दो साल कोरोना की मार झेलने के बाद भारी संख्या में सैलानी होली की छुट्टियां मनाने शिमला पहुंचे। मैदानों की तपती गर्मी से राहत पाने और शिमला के सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए भी सैलानी शिमला पहुंचे। बुधवार से रविवार तक करीब 17 हजार पर्यटक वाहन शिमला में दाखिल हए। चार दिनों के भीतर करीब 42 हजार लोगों ने सर्कुलर रोड से मालरोड पहुंचने के लिए पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का इस्तेमाल किया। शनिवार को होटलों में ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी पहुंच गई। रविवार को भी राजधानी शिमला सहित कुफरी और नारकंडा सैलानियों से सराबोर रहे। सैलानियों की आमद बढ़ने से शहर के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं।
होली और वीकेंड के लिए बुधवार से सैलानी शिमला पहुंचने शुरू हो गए थे। 16 मार्च सुबह 8:00 बजे से 20 मार्च दोपहर 2:00 बजे तक करीब 17000 पर्यटक वाहन शहर में दाखिल हुए। शनिवार को पर्यटक वाहनों की भारी आमद के कारण शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। शनिवार को लिफ्ट स्थित बहुमंजिला पार्किंग दोपहर 12 बजे ही पैक हो गई। टेरेस फ्लोर पैक होने के बाद पार्किंग के एंट्री प्वाइंट पर नो पार्किंग का बोर्ड लगाना पड़ा। इसके बाद पर्यटकों ने सर्कुलर रोड पर ही गाड़ियां खड़ी करनी शुरू कर दी जिससे जाम की समस्या पेश आई। रविवार सुबह भी पार्किंग के अधिकतर फ्लोर पैक थे। सैलानियों की भारी आमद के चलते वीकेंड पर सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर भी सैलानियों की लंबी कतारें लगी रही। वीरवार को करीब 7000, शुक्रवार को होली के दिन करीब 10000, शनिवार को 15000 और रविवार को 10000 लोगों ने लिफ्ट का इस्तेमाल किया।
वीकेंड पर सैलानियों की आमद में भारी बढ़ोतरी
पुलिस अधीक्षक शिमला डॉ. मोनिका भुटुंगरू ने बताया कि पांच दिनों के भीतर करीब 16,900 वाहन शिमला शहर में दाखिल हुए हैं। भारी संख्या में टूरिस्ट वाहनों के एक साथ शहर में पहुंचने से जाम की समस्या पेश आई लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने मुस्तैदी से व्यवस्था संभाली। टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि होली वीकेंड पर रिकार्ड संख्या में टूरिस्ट शिमला पहुंचे। मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने से राहत के लिए भी टूरिस्ट शिमला आए।