शनिवार को सुबह से ही पर्यटक वाहनों के शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दोपहर एक बजे लिफ्ट कार पार्किंग, मैट्रोपोल पार्किंग और पर्यटन निगम की होटल हालीडे होम पार्किंग पैक हो गईं।
वीकेंड पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। भारी संख्या में पर्यटक वाहनों के शहर में पहुंचने से पार्किंग पैक हो गईं और सड़कों पर लंबा जाम लग गया। दोपहर एक बजे ही सर्कुलर रोड पर स्थित बहुमंजिला पार्किंग के सभी फ्लोर पैक हो गए। वाहनों की आवाजाही बढ़ने से शहर का ट्रैफिक प्लान पटरी से उतर गया और टुटीकंडी क्रासिंग से विक्ट्री टनल तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण बाहरी राज्यों से शिमला पहुंचे सैलानियों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर 12:30 बजे के करीब टुटीकंडी क्राॅसिंग से पुराने बस अड्डे तक पहुंचने में वाहनों को पौने घंटे का समय लग गया।
विज्ञापन
शनिवार को सुबह से ही पर्यटक वाहनों के शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दोपहर एक बजे लिफ्ट कार पार्किंग, मैट्रोपोल पार्किंग और पर्यटन निगम की होटल हालीडे होम पार्किंग पैक हो गईं। इसके बाद सैलानियों ने सड़क किनारे यहां वाहन खड़े करने शुरू कर दिए जिससे जाम की समस्या पेश आई। तेज धूप में वाहनों में कैद सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर देर शाम तक सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। लंबे इंतजार के बाद सैलानियों को लिफ्ट में प्रवेश मिला। शनिवार को रिज मैदान और मालरोड पर देर शाम तक सैलानियों की भारी भीड़ रही। सैलानियों ने शिमला के अलावा कुफरी और नारकंडा का भी रुख किया।
मौसम खुलने के बाद बढ़े टूरिस्ट : कुकरेजा
शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि बीते दिनों मौसम खराब रहने के कारण कम संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे थे। मौसम खुलने के बाद सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मौसम अगर साफ रहता है तो आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
विज्ञापन
तेज धूप में जाम से जूझती रहीं महिला आरक्षी
शनिवार को दोपहर के समय तेज धूप में शिमला पुलिस की महिला आरक्षी जाम से जुझती नजर आईं। एमएलए क्रासिंग, 103 टनल, बैंड स्टैंड, विंटर फील्ड, गुरूद्वारा साहिब, सब्जी मंडी बाॅयफरकेशन सहित अन्य ट्रैफिक प्वाइंटों पर महिला आरक्षियों ने मोर्चा संभाले रखा। तेज धूप और गर्मी की परवाह किए बिना महिला आरक्षी लगातार सीटी बजा कर ट्रैफिक नियंत्रित करती दिखीं।