मणिकर्ण घाटी में दोस्तों के साथ घूमने आया कालका का एक युवक पैर फिसलने से पार्वती नदी में गिर गया। स्थानीय लोगों ने कुछ दूरी पर जैसे-तैसे नदी से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार हरियाणा के कालका से कुछ दोस्तों का ग्रुप मणिकर्ण घूमने आया था। सभी कटागला में पार्वती नदी के किनारे मौज-मस्ती कर रहे थे।
इस दौरान शुभम(22), पुत्र सुरेश सोनी निवासी कालका (हरियाणा) का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। एएसपी राजकुमार चंदेल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है। पुलिस ने पर्यटकों से आह्वान किया है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं।