पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के संजौली में देर रात एक पर्यटक के साथ मारपीट करने और उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो कारों में सवार कुछ लोगों ने पर्यटक की गाड़ी का पीछा किया और रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की।
हमले में युवक के चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया। पुलिस ने संजौली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के अमृतसर निवासी 26 वर्षीय युवराज सेठी ने बताया कि वह दुबई में चालक का काम करता है। 25 अक्तूबर को वह अपनी कार से अकेले शिमला घूमने आया था और संजौली के एक होटल में ठहरा था। युवराज के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे वह अपनी कार से होटल लौट रहा था। होटल के बाहर पहुंचने पर एक ऑल्टो कार उसकी गाड़ी के पास आई और उसके चालक ने दो-तीन बार डिपर दिया। इससे घबराकर वह अपनी कार लेकर आगे निकल गया, लेकिन ऑल्टो कार ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक संजौली चौक से आगे पहुंचने पर जब वह अपनी गाड़ी मोड़ने लगा तो दो कारों ने उसका रास्ता रोक लिया। वह वहां से यू-टर्न लेकर वापस संजौली चौक की ओर आ गया। आरोप है कि यहां ऑल्टो और एक अन्य कार से कुछ लोग उतरे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी कार की खिड़कियों और आगे-पीछे के शीशों को भी तोड़ दिया गया। युवराज ने बताया कि इसी दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।