शिमला। गेयटी थियेटर के ललित कला हॉल में आयोजित समूह कला प्रदर्शनी में मिट्टी (क्ले) से बनी हैंडमेड की-चेन युवाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। इन की-चेन को फूल-पत्तियों, फलों और सब्जियों सहित विभिन्न आकृतियों में तैयार किया गया है। इनकी कीमत 50 से 200 रुपये तक है। यह प्रदर्शनी 31 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। शिमला अटेलिएर की ओर से आयोजित ए लिटिल बिट ऑफ एवरीथिंग प्रदर्शनी में आठ कलाकारों की करीब 80 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इसमें दर्शकों को मूर्तिकला से लेकर प्रिंटमेकिंग तक कला के विभिन्न रूपों को एक ही छत के नीचे देखने का अवसर मिल रहा है। चित्रकार विकास रॉ ने बताया कि प्रदर्शनी में सभी कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता, व्यक्तिगत सोच और कलात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से अलग-अलग विषयों और माध्यमों को अभिव्यक्त किया है। संवाद