समरहिल खेल मैदान में टूरिज्म प्रीमियर लीग का आगाज, पहले दिन क्रिकेट, कैरम और शतरंज में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
विज्ञापन
कैरम में कमल की टीम ने अजय को दी शिकस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के समरहिल खेल मैदान में शुक्रवार को टूरिज्म प्रीमियर लीग का आगाज हो गया। प्रतियोगिता के पहले दिन क्रिकेट, कैरम और शतरंज के मुकाबले खेले गए।
क्रिकेट स्पर्धा में रिसर्च स्कॉलर और एमटीटीएम-ए की टीम ने जीत के साथ शुरुआत की। इसके अलावा कैरम समेत अन्य खेल स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। आयोजकों के अनुसार क्रिकेट के पहले मुकाबले में रिसर्च स्कॉलर की टीम ने एमटीटीएम तृतीय सेमेस्टर जेड टीम को सात विकेट से हराया। एमटीटीएम तृतीय सेमेस्टर-जेड टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित छह ओवर में 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिसर्च स्कॉलर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज तीन ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसी तरह दूसरे मुकाबले में एमटीटीएम-ए ने आईबीएस सीनियर को आठ विकेट से मात दी।
विज्ञापन
इस मुकाबले में आईबीएस सीनियर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 69 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमटीटीएम-ए की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांच ओवर में महज दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके बाद प्रतियोगिता में कैरम के मुकाबले खेले गए। कैरम में कमल कश्यप की टीम ने अजय शर्मा की टीम को शिकस्त दी जबकि दूसरे मुकाबले में अतुल-सागरिका की टीम ने राज-सौरव की टीम को मात दी। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने एकाग्रता और रणनीति का परिचय दिया। टीपीएल के पहले दिन क्रिकेट, वॉलीबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन, शतरंज और कैरम सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान पर खिलाड़ियों में जीत के लिए उत्साह दिखा, वहीं साथी विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी टीमों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता 21 सितंबर तक चलेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष मनोहर लाल ने शिरकत की। विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य एवं क्रिकेट प्रशिक्षक विक्रांत भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आईटीएचएम के निदेशक प्रो. नितिन समेत संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी इस दौरान उपस्थित रहे।