कांगड़ा-चंबा के सांसद शांता कुमार ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर पर्यटन के क्षेत्र में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रमुख केंद्रों पर रोड-शो करने के निर्णय का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि देश का और विश्व का निवेशक भारत में विशेषतया हिमाचल में पर्यटन उद्योग में बहुत अधिक निवेश करना चाहता है। निवेशक कुछ और क्षेत्रों में भी निवेश करना चाहते हैं।
प्रकृति ने पर्यटन की दृष्टि से हिमाचल को अपार संभावनाएं प्रदान की है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए रोड-शो करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार आकर्षक, व्यवहारिक नीति बनाए और उद्योगों की स्वीकृति को लाल फीताशाही से मुक्त करें।
हिमाचल के बहुत से स्थानों पर रोप-वे जैसी परियोजनाएं आरंभ में मुनाफे की नहीं होगी इसलिए टैक्स आदि की आकर्षक छूट देनी पड़ेगी। कुछ समय के बाद ये योजनाएं बहुत अधिक लाभ देंगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को सबसे अधिक प्राथमिकता देकर सरकार कुछ योजनाएं चिन्हित करें और इसकी शर्तें आकर्षक व सरल हों तो दुनियाभर से निवेशक हिमाचल के पर्यटन उद्योग में निवेश करने के लिए स्वयं आएंगे।