हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम प्रदेश का पहला ग्लास फ्लोर रेस्टोरेंट बनाएगा। प्रदेश में पर्यटन विकास और निगम की आय में बढ़ोतरी के लिए न्यूयार्क के हडसन यार्ड्स ऑब्जर्वेटरी की तर्ज पर इसका निर्माण होगा। शिमला के होटल पीटरहॉफ या सोलन के क्यारीघाट में निर्माण प्रस्तावित है।
इस रेस्टोरेंट का अनोखा डिजाइन होगा। यह हवा में लटका हुआ प्रतीत होगा। इसमें बैठने से आसमान में तैरने जैसा अहसास होगा और 360 डिग्री का नजारा देखने को मिलेगा। निगम निजी सहभागिता से इसका निर्माण करेगा। इसी महीने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले निगम की निदेशक मंडल की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला होगा। निगम आय में बढ़ोतरी के लिए कई प्रयास कर रहा है। अपने होटलों का जीर्णोद्धार कर रहा है। रेस्टोरेंट और कैफे भी स्तरोन्नत किए जा रहे हैं।
निगम की बढ़ेगी आय : राजीव
पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि निगम की आय में बढ़ोतरी और सैलानियों के लिए प्रदेश में एक नया आकर्षण स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसा रेस्टोरेंट बनाने की योजना है। निजी सहभागिता से इसका निर्माण होगा। निगम की बीओडी की बैठक में अंतिम फैसला होगा।