परिवहन मंत्रालय भारत सरकार की ओर से पूरे देश में सभी वाहनों को 11 नवंबर तक टोल फ्री करने के बावजूद हिमाचल के प्रवेश द्वार चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर स्थित गरामौड़ा टोल टैक्स बैरियर पर चालकों से टैक्स की वसूली की जा रही है। जबकि 11 नवंबर रात 12 बजे तक पूरे देश में सभी टोल नाके निशुल्क कर दिए हैं।
500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद टोल टैक्स बैरियरों में खुल्ले पैसे न मिलने के कारण जाम की स्थिति बन गई थी। इसके बाद 9 नवंबर को केंद्रीय परिवहन एवं भूतल मंत्रालय ने देश के सभी नाको को टोल फ्री करने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद 9 नवंबर और 10 नवंबर शाम 4 बजे तक टोल टैक्स बैरियर गरामौड़ा में कर्मचारी लगातार वाहनों की पर्ची काटते रहे।
ट्रक के मालिक और चालक जसविंद्र सिंह निवासी मजारी नयनादेवी ने बताया कि वह अपना ट्रक लेकर दिल्ली से अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री की खाली बोरियों की सप्लाई लेकर आ रहा था। 9 नवंबर बुधवार की रात 2 बजकर 5 मिनट पर पंजाब से हिमाचल में प्रवेश कर गरामौड़ा टोल टैक्स बैरियर पर पहुंचा तो कर्मियों ने झट से टोल टैक्स की 200 रुपये की पर्ची काटकर हाथ में थमा दी।