अब सुबह सात की जगह आठ बजे मिल रहे टोकन, अस्पताल के बाहर लग रही मरीजों की लंबी कतारें
विज्ञापन
दूरदराज से आने वाले मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में मरीजों को टोकन आवंटित करने की व्यवस्था में बदलाव के बाद उनकी परेशानी बढ़ गई है। अब अस्पताल प्रबंधन की ओर से सुबह 8:00 बजे से टोकन दिए जा रहे हैं। इससे तड़के अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
टोकन वितरण शुरू होने तक काउंटर के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसके बाद टोकन के आधार पर पर्ची काउंटर पर भी भीड़ जुट जाती है। मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। व्यवस्था में बदलाव के बावजूद दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को ओपीडी में समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। जल्दी अस्पताल पहुंचने के बाद भी नंबर देर से आने को लेकर कई बार मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षाकर्मियों से बहस हो रही है।
विज्ञापन
अस्पताल में टोकन के क्रम के अनुसार ही मरीजों को ओपीडी में भेजा जाता है।गौरतलब है कि चमियाना अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ओपीडी में उपचार कराने वाले मरीजों की संख्या 1,300 से अधिक पहुंच जाती है। ऐसे में प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीज सुबह तड़के ही अस्पताल पहुंच जाते हैं, ताकि समय पर उपचार मिल सके। इससे पहले अस्पताल प्रबंधन ने टोकन वितरण का समय सुबह 7:00 बजे निर्धारित किया था। तड़के पहुंचने वाले मरीज समय पर टोकन ले लेते थे और पर्ची काउंटर खुलने के बाद टोकन क्रम के अनुसार उनकी बारी जल्दी आ जाती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को अधिक इंतजार करना पड़ रहा है।
कोट
टोकन और पर्ची प्रक्रिया साथ जोड़े टोकन और पर्ची बनाने की प्रक्रिया को अब एक साथ जोड़ा गया है। मरीज जब टोकन लेकर काउंटर तक पहुंचते हैं, तब तक पर्ची बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। पहले जल्दी टोकन मिलने के कारण पर्ची काउंटर पर अव्यवस्था और विवाद की स्थिति बन जाती थी। अब व्यवस्था को बेहतर किया है। कतारों को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी भी तैनात किए हैं। -डॉ. सुधीर शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना