हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। कोरोना मुक्त होने के 24 घंटे के भीतर ही हमीरपुर जिले के उपमंडल मुख्यालय नादौन की एक कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला की पांच दिन पूर्व तबीयत खराब होने पर जालंधर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां पर कोरोना टेस्ट के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। महिला ने मंगलवार तड़के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं, प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस के 19 नए मामले आए हैं। कांगड़ा जिले में पांच, सिरमौर सात, ऊना एक, कुल्लू दो, मंडी एक, शिमला एक और सोलन में दो नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 58262 पहुंच गया है। सक्रिय मामले घटकर 370 रह गए हैं। अब तक 56898 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 981 की मौत हुई है। बिलासपुर जिले में कोरोना के 19, चंबा 10 , कांगड़ा 82, किन्नौर 8, कुल्लू 10, मंडी 85, शिमला 36 , सिरमौर 28, सोलन 18 और ऊना में 18 सक्रिय मामले हैं।