सनातन की आवाज उठाना गलत है तो हर बार करेंगे : शर्मा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर में धर्म विशेष के व्यक्ति पर थूक लगाकर चने बेचने का वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को बीएनएस की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया। शुक्रवार को इस मामले में कल्पना शर्मा, श्वेता और देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक विजय शर्मा जवाब देने के लिए थाने में पहुंचे।
नोटिस के माध्यम से पुलिस ने निर्देश दिए थे कि इस प्रकार का वीडियो वायरल करने के संदर्भ में सबूत पेश करें नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विगत दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें की तीनों लोगों ने धर्म विशेष के व्यक्ति पर थूक लगाकर चने बेचने के आरोप लगाए थे। इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को थाने तलब किया था। वहीं जवाब दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने इस मामले में उपायुक्त शिमला को ज्ञापन सौंपा है। कहा कि यह हमने गलत कार्य करते हुए एक विशेष समाज के व्यक्ति को पकड़ा था लेकिन अब पुलिस हमसे ही इसके सबूत मांग रही है। शहर में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से आने वाले विशेष समुदाय के लोग जगह-जगह रेहड़ी-फड़ी लगाकर बैठ रहे हैं। इसके खिलाफ नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। हम लव जिहाद, लैंड जिहाद और तहबाजारी माफिया के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। कहा कि जनता और सनातन की आवाज उठाना गलत है तो हम यह गलती हर बार करेंगे।