मोबाइल फोन पर पबजी गेम का टास्क पूरा करने के लिए सोलन जिले के कुनिहार का एक नाबालिग महाराष्ट्र के औरंगाबाद तक जा पहुंचा। परिवार वालों ने बिना बताए घर से निकले बेटे के लापता होने की शिकायत 17 फरवरी को कुनिहार थाने में दर्ज करवा दी।
पुलिस ने छानबीन के बाद पबजी खेल रहे महाराष्ट्र के एक युवक से संपर्क किया तो नाबालिग के वहां होने की जानकारी लगी। इसके बाद चाइल्ड लाइन की मदद से उसे वापस लाकर परिवार वालों के हवाले किया गया।
एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि ग्यारहवीं में पढ़ने वाले 17 साल के छात्र के लापता होने की शिकायत मिलने पर जब पुलिस ने छानबीन की तो मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी लोकेशन महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पाई गई। पता चला कि छात्र पबजी गेम खेल रहा था और उसका मोबाइल नंबर बंद था। उसके साथ एक महाराष्ट्र का युवक भी गेम खेल रहा था।
उसके टास्क को पूरा करने के चक्कर में नाबालिग घर से निकल गया। जब वह ट्रेन में सफर कर रहा था तो उस दौरान भी पबजी खेल रहा था। इसी बीच किसी यात्री से उसने फोन लिया और महाराष्ट्र के युवक से संपर्क किया कि वह वहां पहुंचने वाला है।
इस बीच सोलन पुलिस भी पबजी खेल रहे युवक से संपर्क कर चुकी थी। जैसे ही नाबालिग का फोन महाराष्ट्र के युवक को गया, उसने इसकी जानकारी सोलन पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग छात्र को पकड़कर परिजनों के हवाले कर दिया।
एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि नाबालिग छात्र पबजी गेम का टास्क पूरा करने औरंगाबाद पहुंच गया था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे खोज कर वापस लाया गया और परिवार वालों को सौंप दिया गया।