कालेश्वर महादेव मंदिर में शीश नवाने आए पंजाब के लुधियाना के तीन युवक ब्यास नदी में डूब गए।
हिमाचल के कांगड़ा स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर में शीश नवाने आए पंजाब के लुधियाना के तीन युवक ब्यास नदी में डूब गए। हादसा रविवार दोपहर करीब तीन बजे पेश आया। समय रहते दो युवकों को बचा लिया गया जबकि तीसरे युवक का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आशंका जताई जा रही है कि युवक डूब गया है। पुलिस युवक को तलाश रही है लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। डूबने वाले युवक की पहचान हितेश खन्ना (22) पुत्र सुरिंद्र खन्ना निवासी डुगरी, लुधियाना के रूप में हुई है।
लुधियाना के डुगरी के चार युवक दिलप्रीत, परमिंद्र सिंह, रजीक और हितेश खन्ना रविवार को कालेश्वर महादेव मंदिर में शीश नवाने पहुंचे। इसके बाद युवक नदी की ओर चले गए। इनमें से तीन युवक नदी में नहाने उतर गए जबकि एक बाहर ही बैठा।