भारत माला प्रोजेक्ट के तहत रोहड़ू से ज्यूरी सड़क डबल लेन बनने जा रही है। तीन हजार करोड़ से बनने वाले एनएच की डीपीआर समेत कई अन्य दस्तावेज तैयार हैं। 143 किलोमीटर लंबी सड़क रोहड़ू से सुंगरी, तकलेच, दरनघाटी, मशनु, घराट होते हुए ज्यूरी तक बनेगी।
बर्फबारी से सर्दियों में बंद रहने वाली सुंगरी सड़क और श्रीईकोटी माता सड़क की पहाड़ियों में सुरंग बनाकर बहाल रखा जाएगा। इससे सड़क की दूरी 34 किलोमीटर कम होगी। इन दो सुरंगों के निर्माण के बाद 12 महीने सड़क बहाल रहेगी। इस सड़क के बनने से भारत तिब्बत सीमा की ओर सैनिकों के आने जाने में भी सुविधा मिलेगी।
केंद्र सरकार की भारत माला योजना के तहत इस सड़क से धर्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों को जोड़ने की योजना भी है। सड़क से हाटकोटी माता रोहड़ू, श्राईकोटी और भीमा काली माता मंदिर सराहन जुड़ जाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र के सभी पर्यटक स्थल भी इससे आसानी से जुडे़ंगे। इससे पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।
ब्रांदली टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर और मशनु टनल की लंबाई 2.8 किलोमीटर होगी। सड़क में यात्रियों की सुविधा के लिए 21 किलामीटर में क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। सड़क से बसों को रुकने के लिए 34 बस और ट्रकों को रुकने के लिए 8 ट्रक ले बाई भी बनेंगे।
इससे बाकी वाहनों के आवागमन में रुकावट पैदा नहीं होगी। ये सड़क चार पैकेज में बनेगी। पहला 26.1 किलोमीटर रोहड़ू से सुंगरी, दूसरा 25.5 सुंगरी से तकलेच, तीसरा 26.8 किलोमीटर तकलेच से मशनु और चौथा पैकेज 30.6 किलोमीटर मशनु से ज्यूरी तक का होगा।
नेशनल हाइवे एंड इंफ्रा डवलपमेंट लिमिटेड के परियोजना महाप्रबंधक सतीश कौल ने बताया कि इस परियोजना की डीपीआर बन चुकी है। जमीन के अधिग्रहण के लिए एसडीएम रामपुर को निदेर्श दिए गए हैं।
यदि निजी भूमि और वन भूमि की सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो गईं तो अप्रैल में काम शुरू होगा। इस परियोजना के चार पैकेज बनेंगे। सड़क नेशनल हाइवे के पैटर्न पर ही बनेगी। कौल ने बताया कि लोगों की भूमि कम से कम सड़क में लाने की कोशिश की गई है।