साइकिल ट्रैक का भी होगा निर्माण, अर्बन चैलेंज फंड के तहत किया जाएगा निर्माण, विधायक के निर्देश पर तैयार किए प्रस्ताव
विज्ञापन
प्रस्ताव केंद्र को भेजने के निर्देश, लक्कड़ बाजार में बनेगी पार्किंग अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के संजौली-आईजीएमसी कवर्ड फुटपाथ की तर्ज पर शहर में तीन और नए फुटपाथ तैयार किए जाएंगे। इनमें हर मौसम में लोगों को आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
शहर में छह हाइड्रोलिक पार्किंग और एक साइकिलिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा। अर्बन चैलेंज फंड के तहत इनका निर्माण किया जाएगा। शहरी विधायक हरीश जनारथा के निर्देश पर इनके प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। अब इन्हें मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है। शहरी विकास विभाग में सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान इन प्रस्तावों पर चर्चा की गई। रिपोर्ट दी गई कि इन प्रस्तावों के लिए शहर में जमीन चिह्नित कर ली है। ऐसे में निर्माण कार्य शुरू करने में परेशानी नहीं आएगी। बजट मिलते ही इनका काम शुरू हो जाएगा। संजौली-आईजीएमसी के कवर्ड फुटपाथ की तर्ज पर अब संजौली चौक से बीड्स चौक तक फुटपाथ बनेगा। यहां चौक पर फ्लाईओवर बनाकर भी स्कूली बच्चों और कॉलेज छात्रों को सुविधा दी जाएगी। इसी तरह नवबहार चौक से फोरेस्ट रोड होते हुए रिज तक भी वॉकिंग फुटपाथ बनेगा। आईजीएमसी अस्पताल से रिज तक कवर्ड फुटपाथ बनाया जाएगा। शहर में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए जाखू क्षेत्र में इंडस से मंदिर होते हुए एक साइकिल ट्रैक तैयार किया जाएगा।
छह हाइड्रोलिक, एक मल्टी स्टोरी पार्किंग बनेगी
शहर में खाली जमीन की कमी को देखते हुए छह हाइड्रोलिक पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इनमें एक जगह पर 50 से 70 गाड़ियों के लिए पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी। इनके लिए जमीन चिह्नित कर ली है। शहरी विकास विभाग में भी एक हाइड्रोलिक पार्किंग बनाई गई है। लक्कड़ बाजार में मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। यहां अभी एक भी बड़ी पार्किंग नहीं है। लोग बसअड्डे के पास बनने वाली इस पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर लिफ्ट में सीधे रिज मैदान पहुंच सकेंगे। सब्जी मंडी में बनने वाले नए परिसर के निर्माण को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। इसके लिए अभी 140 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। बाकी बजट के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।