देश की राजधानी दिल्ली स्थित निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के जलसे से निकलने वाले जमातियों की तलाश में जुटी हिमाचल पुलिस को 23 और जमाती हाथ लगे हैं। उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है। अब तक कुल 190 सदस्यों को ढूंढकर क्वारंटीन किया जा चुका है। पुलिस के प्रवक्ता डॉ. खुशहाल शर्मा ने बताया कि गुरुवार को बद्दी में 20 और सिरमौर में तीन नए सदस्यों की पहचान की गई है।
बता दें कि जांच एजेंसियों ने 701 ऐसे मोबाइल नंबरों की जानकारी हिमाचल पुलिस के साथ साझा की है जो पिछले एक महीने में सूबे से निजामुद्दीन इलाके में गए थे। पुलिस इन नंबरों के मालिकों से संपर्क कर उनका यात्रा इतिहास और दिल्ली में रुकने के स्थानों की जांच में जुट गई है। फिलहाल बद्दी में अब तक 73 लोगों को क्वारंटीन किया गया है, जबकि चंबा में 10, मंडी में चार, कांगड़ा में छह, शिमला में 23 और सिरमौर व ऊना में 35-35 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
कोविड-19 के मामले सामने आने के साथ ही हिमाचल प्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मोहम्मद राजबल्ली और वक्फ बोर्ड के सीईओ एवं आईजी शिमला रेंज आसिफ जलाल ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए अपील की है।
अपील में कहा है कि समुदाय के जो भी लोग दिल्ली स्थित तब्लीगी जमात में निजामुद्दीन मरकज गए थे वे खुद आगे आकर पुलिस व जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें। ऐसे लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम की मदद से क्वारंटीन में रखा जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी।
दिल्ली के निजामुद्दीन के पास मंडी जिले के 34 लोगों की फोन लोकेशन ट्रेस हुई है। पुलिस ने सभी से संपर्क साधा है। पाया गया कि 34 में से चार मुस्लिम समुदाय के लोग पहले ही होम क्वारंटाइन पर हैं। अन्य 30 नंबर हिंदुओं के निकले हैं। ये भी निजामुद्दीन गए थे, लेकिन तब्लीगी जमात में शामिल होने नहीं, बल्कि अपने किसी अन्य कार्य से वहां गए थे। चार लोग वे हैं जो तब्लीगी जमात में शामिल होने गए थे। वहां से 9 व 10 मार्च को वापस आ गए थे। इन सभी को पुलिस ने होम क्वारंटाइन किया है। जैसे ही मंडी जिला पुलिस को इन मोबाइल नंबरों की जानकारी मिली तो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सभी को ट्रेस कर लिया।
ये सभी हिंदू बताए जा रहे हैं। ये निजामुद्दीन गए थे, लेकिन तब्लीगी जमात से इनका कोई लेना-देना नहीं था। अधिकतर लोग ऐसे हैं, जो या तो वापस आ रहे थे या कहीं जा रहे थे। निजामुद्दीन के पास ही रेलवे का बहुत बड़ा जंक्शन भी है। इस कारण इनकी मोबाइल लोकेशन वहां पाई गई थी। एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि जो मोबाइल नंबर जिला पुलिस को प्राप्त हुए थे, उन सभी की जांच कर ली गई है। इनमें कोई भी तब्लीगी जमात में नहीं गया था। पुलिस सभी 30 लोगों पर निगाह रख रही है।