अभी तक पांच आरोपी किए जा चुके हैं गिरफ्तार अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में पंजाब से हो रही चिट्टा तस्करी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में आशीष चौहान निवासी खशधार, चिड़गांव, नवीन शिट्टा निवासी गोक्सवारी चिड़गांव और दीवान चंद निवासी सुंधा चिड़गांव शामिल हैं। इस मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने दो फरवरी को पंजाब के मोगा के रहने वाले जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह से रोहड़ू में 83 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसी मामले में सप्लाई चेन की गहन जांच के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई है। इससे पहले आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस ने तलब किया था। डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खाते के लेनदेन में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने लंबी पूछताछ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस छानबीन कर रही है कि आरोपी चिट्टे की अवैध पैडलिंग से कितने लंबे समय से जुड़े थे और उनके शिमला में किस-किस से संबंध है। इसको लेकर पुलिस टीमें गहनता से मामले की जांच कर रही हैं और सफलता मिलते ही मामले से जुड़े और लोगों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने सप्लाई चेन को लेकर गहनता से की जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
70 फीसदी मामलों में पंजाब से जुड़ रहे तार
शिमला में सबसे अधिक चिट्टे की तस्करी पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से हो रही है। पिछले साल पकड़े गए चिट्टा तस्करों के मामलों में यह बात सामने आई है कि 70 फीसदी से अधिक मामलों में चिट्टे तस्करी के तार पंजाब से जुड़े हैं। पाकिस्तान सीमा से सटे गुरदासपुर, तरनतारन, फिरोजपुर समेत अन्य क्षेत्रों से पुलिस की टीमें कई ऐसे सप्लायरों को गिरफ्तार कर चुकी है, जोकि नशे के मुख्य सप्लायर हैं। इसके अलावा जिले के नशे के आदी युवा भी लत के दलदल में फंसकर चंडीगढ़ समेत पंजाब के अन्य क्षेत्रों से नशे की पैडलिंग को अंजाम दे रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस की टीमें रात और दिन के समय नाकाबंदी कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है। इस साल 41 दिन में पुलिस 83 से ज्यादा आरोपियों को विभिन्न मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में गिरफ्तार कर चुकी है।