सब्जी विक्रेता नीतू गुप्ता उर्फ गोपू ने बताया कि हिमाचल के किसान बेहतरीन गुणवत्ता वाले बीज का इस्तेमाल करते हैं और कड़ी मेहनत और परिश्रम करके बेहतरीन सब्जियां उगा रहे हैं, यह इस बात का प्रमाण है।
उपमंडल सुजानपुर में स्थित एक सब्जी विक्रेता की दुकान पर शुक्रवार सुबह बेचने के लिए रखे ढेर से एक बहुत बड़ा शलजम निकला। तराजू पर तोलने पर इसका वजन तीन किलोग्राम निकला। अब इसे हाइब्रिड बीज का कमाल कहें या फिर किसान की मेहनत। बात कोई भी हो, लेकिन सुजानपुर बस स्टैंड पर स्थित सब्जी विक्रेता की दुकान पर 3 किलो का शलजम देखकर खरीदार के साथ-साथ दुकानदार भी हैरान हैं।
विज्ञापन
आमतौर पर एक सामान्य शलजम का वजन 150 ग्राम के आसपास होता है। इस शलजम को देखकर हर कोई इसे खरीदने के लिए लालायित था, लेकिन दुकानदार ने इसकी बिक्री न करके इसे अपनी दुकान पर प्रदर्शनी के तौर पर सजा लिया। सब्जी विक्रेता नीतू गुप्ता उर्फ गोपू ने बताया कि प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को सब्जी की गाड़ी आई। इसमें तमाम सब्जियां भरी हुई थीं।
आजकल अधिकतर सब्जियां लाहौल स्पीति वेली से आ रही हैं। यह शलजम भी वहीं से आया है। जैसे ही इसे देखा तो सब हैरान हो गए। उन्होंने बताया कि हिमाचल के किसान बेहतरीन गुणवत्ता वाले बीज का इस्तेमाल करते हैं और कड़ी मेहनत और परिश्रम करके बेहतरीन सब्जियां उगा रहे हैं, यह इस बात का प्रमाण है।