सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सुंदरनगर के भोजपुर में सोमवार रात करीब एक बजे एक कार की निजी बस से टक्कर हो गई। इसमें एक की मौत हो गई। जबकि हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं।
घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जोनल अस्पताल मंडी के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब एक बजे बिलासपुर से मंडी की ओर जा रही एक कार (एचपी52ए-0702) भोजपुर में हाइवे पर सामने से आ रही एक निजी बस से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार जोगिंद्र ठाकुर पुत्र सोहन लाल निवासी मनवाणा सुंदरनगर, बृजमोहन पत्र भगत राम निवासी मलोग, चौपाल जिला
शिमला, रोहित कुमार पुत्र इंद्र सिंह निवासी मलोग, चौपाल जिला शिमला और गौरव पुत्र हीरालाल निवासी बदरोल जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों व बस में सवार लोगों ने बाहर निकालकर सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां प्राथमिकी उपचार के दौरान सुंदरनगर के मनावाणा निवासी जोगिंद्र ठाकुर ने दम तोड़ दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बृजलाल को मंडी स्थित जोनल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जहां से देर शाम उसे चिकित्सकों ने परिजनों के अनुरोध पर शिमला स्थित आईजीएमसी के लिए रेफर कर दिया है।
यात्रियों को दूसरी बस में किया शिफ्ट
घटना के बाद निजी बस में सवार यात्रियों को कुछ देर के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। उसके बाद उन्हें दूसरी बस में शिफ्ट करना पड़ा। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।