रेवाड़ी रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी से करनाल रेलवे स्टेशन पर
भी हाई अलर्ट कर दिया गया है। स्टेशन से गुजरने वाली करीब 104 ट्रेनों की
चेकिंग की जा रही है और स्टेशन पर आने जाने वाले हर व्यक्ति के सामान की भी
तलाशी ली गई। पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी पहलू को कमजोर नहीं कर रही
है।
करनाल रेलवे स्टेशन पर तीन दिन से सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग बढ़ाई
गई है। इस दौरान आरपीएफ का भी सहयोग लिया है। रेवाड़ी में बम रखे जाने की
अफवाह को ध्यान में रखते हुए जीआपी ने भी कमर कस ली है। रविवार को जीआरपी
एसएचओ ओमपाल सिंह सहित रेल वार्डन सचिव सुखदेव सिंह और उपसचिव रमन मिड्डा
के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
पंद्रह अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव हैं। अक्टूबर का आधे से ज्यादा
महीना त्योहारों की छुट्टियों से भरा है। हर रोज सैकड़ाें लोगों का स्टेशन
पर आना जाना लगा रहता है। ऐसे में कोई अनहोनी घटना न हो, इसको लेकर रेलवे
स्टेशन पर यात्रियों के सामान की तलाशी ली जा रही है। ट्रेन के रुकने पर
टीम चेकिंग करती है और अगले स्टेशन पर उतरकर अन्य गाड़ी में चेकिंग करते
हुए वापस आते हैं।
सवारियों की सुरक्षा सबसे पहले
करनाल रेलवे
स्टेशन से करीब 52 गाड़ियां अप और 53 गाड़ियां डाउन में चलती हैं। ऐसे में
हजारों लोग करनाल से होकर आते जाते हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस
निगरानी में है। करनाल रेलवे स्टेशन शहर के मध्य है। चारों तरफ से ओपन है।
किसी भी साइड से संदिग्ध लोग वारदात को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में पुलिस
को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना चुनौती है। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन को बम से
उड़ाने की धमकी कुछ दिन पहले ही मिली है। इससे पहले भी करनाल रेलवे स्टेशन
को उड़ाने की धमकी कई बार मिल चुकी है। कभी फोन करके धमकी देते हैं तो कभी
पत्र भी एसएस के कमरे में मिल चुके हैं। जिस कारण अन्य स्टेशनों पर मिली
धमकी के बाद करनाल स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी जाती है।