एचपीयू शिमला और इससे संबद्ध कॉलेजों में इस बार भी मेरिट आधार पर ही छात्र संघ का गठन किया जाएगा। इसको लेकर विश्वविद्यालय की हाई पावर कमेटी की अनुशंसा और कुलपति के आदेशानुसार एससीए गठन के शेड्यूल की अधिसूचना जारी कर दी गई है। विश्वविद्यालय और कॉलेजों की एससीए का गठन मेरिट के आधार पर ही किया जाएगा। इस प्रक्रिया को विवि और कॉलेजों को तय की गई दस दिनों की समय सीमा के भीतर पूरा करना होगा। 6 अक्तूबर से इसकी प्रक्रिया शुरू होगी जो 15 अक्तूबर को पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार एससीए का गठन 26 अगस्त 2016 में बनाए गए मेरिट आधार पर एससीए गठन के संविधान और लिंग्दोह कमेटी की सिफारिशों के अनुसार ही करना होगा। संविधान विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है। नामांकन की प्रक्रिया को पूरा किए जाने के दस दिनों के भीतर कॉलेजों को विवि को एससीए से संबंधित जानकारी देनी होगी।
2013 से लेकर प्रत्यक्ष चुनाव पर लगी है रोक
कॉलेज और विवि परिसर में छात्र संघ चुनाव के कारण हुई हिंसा की घटनाओं को आधार बनाकर ईसी से मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश भर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रत्यक्ष चुनावों पर प्रतिबंध लगा है। इसके बाद से विवि और कॉलेजों में मेरिट आधार पर अप्रत्यक्ष तौर पर एससीए का गठन किया जाता आ रहा है।
डीएसडब्लू कार्यालय ने जारी की निर्देश
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नयनजीत सिंह नेगी ने एचपीयू कैंपस में मेरिट आधार पर 6 से 15 अक्तूबर के बीच एससीए गठन को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अनुसार मनोनयन से गठित की जाने वाली एससीए के लिए पीजी छात्रों की आयु सीमा 31 जुलाई को 25 साल, एमफिल और शोध छात्रों को 31 जुलाई को 28 वर्ष रहेगी। उन्होंने कहा कि विभागीय प्रतिनिधियों का मनोनयन विवि के विभागाध्यक्ष और निदेशक संविधान के अनुसार करेंगे। मनोनयन के नामांकन डीएसडब्लू कार्यालय को 12 अक्तूबर दो बजे तक जमा करवाने को कहा गया है। कार्यालय 15 अक्तूबर तक एससीए मनोनयन की प्रक्रिया पूरी करेगा।