स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में सांगटी-सेरी-नेरी मार्ग पर बीते दिनों भी इसी तरह से सड़क के किनारे खड़ी गाड़ी के दो टायर चोरी हो गए थे। पिछले दिनों चोरी करने के इरादे से एक गाड़ी का सामने का शीशा तोड़ा गया है। क्षेत्र में आए दिन होने वाली इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के लोग खौफजदा हैं और उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में नियमित रूप से रात्रि गश्त करने की मांग उठाई है। सांगटी पंचायत के निवर्तमान उपप्रधान मनोज ने बताया कि सड़क पर रात के समय नशेड़ी गाड़ियों में बैठे रहते हैं। इस तरह की घटनाओं के पीछे भी नशे के आदी युवाओं का हाथ हो सकता है। इस क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे वाहन मालिकों के साथ ही लोग खौफजदा हैं।
हजारों वाहन सड़कों के किनारे होते हैं खड़े
राजधानी शिमला में पार्किंग की कमी के कारण हजारों लोग सड़कों के किनारे ही अपने वाहनों को खड़ा करते हैं। इस तरह की घटनाओं ने वाहन मालिकों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। इससे पहले भी संजौली, विकासनगर समेत अन्य क्षेत्रों में वाहनों में तोड़फोड़ और चोरी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विगत दिनों संजौली में युवकों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया था।