नगर निगम के पास सौ से ज्यादा कलाकारों ने किए आवेदन
जल्द तय होगी सूची, बड़े कलाकारों पर भी फैसला जल्द अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में 24 दिसंबर से शुरू होने जा रहे विंटर कार्निवल के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। रिज मैदान समेत मालरोड और अन्य बाजारों के प्रवेशद्वारों पर स्वागत गेट लगाने का काम शुरू हो गया है। नगर निगम का कहना है कि अगले एक हफ्ते के भीतर पूरे शहर को सजा दिया जाएगा।
वहीं इस बार विंटर कार्निवल में लोगों को बेबी शो, डॉग शो समेत कई कार्यक्रम देखने को नहीं मिलेंगे। इसके अलावा बुजुर्गों का कैटवॉक भी इस बार नहीं दिखेगा। नगर निगम के अनुसार इनकी जगह दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। पहले दिन महानाटी और सांस्कृतिक परेड से कार्निवल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा वॉयस ऑफ शिमला, मिस शिमला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विंटर कार्निवल के लिए नगर निगम के पास अब तक 100 से ज्यादा कलाकारों के आवेदन आ चुके हैं। पहली जनवरी तक चलने वाले कार्निवल में किस दिन किस कलाकार को धमाल मचाने का मौका मिलेगा, इसका शेड्यूल भी तैयार किया जा रहा है। रिज स्थित पदमदेव परिसर, नए परिसर, रोटरी टाउन हॉल टैरेस और रानी झांसी पार्क समेत कुल चार जगह दुकानें और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनसे नगर निगम को करीब 70 लाख रुपये की आय होगी। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि विंटर कार्निवाल इस बार भी शहरवासियों और सैलानियों का खूब मनोरंजन करेगा। कहा कि नए साल का स्वागत जश्न के साथ होगा।