लोगों ने सरकार से की स्थायी समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। विद्युत बोर्ड की लापरवाही के चलते शिलाबाग सब स्टेशन से गांव पीरन के लिए बिजली आपूर्ति 31 घंटे तक ठप रही। विद्युत लाइन में मामूली खराबी आने के कारण गांव के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं सूचना देने के बावजूद विद्युत बोर्ड के कर्मचारी देरी से मौके पर पहुंचे।
पूर्व प्रधान दयाराम वर्मा, अतर सिंह ठाकुर, हंसराज वर्मा, जबर सिंह ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को सुबह करीब 7:00 बजे बिजली गुल हो गई थी और बुधवार को दोपहर दो बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई। इसके बाद लोगों ने 10:00 बजे कनिष्ठ अभियंता जुन्गा को इसकी सूचना दी। लेकिन इसके बावजूद कोई कर्मचारी मौके पर नहीं आया। बिजली गुल होने से स्कूली छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। इसे बुधवार को बहाल किया गया। लोगों कहना है कि इस क्षेत्र में विद्युत लाइनें कई दशकों पुरानी हैं लेकिन आज तक इन लाइनों को नहीं बदला गया। सिरमौर जिला शिलाबाग सब स्टेशन से पीरन तक बिजली लाइन की हालत बेहद खस्ता है। आए दिन इस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि पीरन पंचायत में एक कर्मचारी को स्थायी रूप से तैनात किया जाए। एसडीओ यशवंत सिंह ने बताया कि पीरन पंचायत में विद्युत आपूर्ति की गंभीर समस्या है जिसके समाधान के लिए उच्चाधिकारियों के साथ बात की जाएगी।