अब तीन माह तक जेल में ही रहना होगा
पहली पकड़ा था चार किलो चरस के साथ फिर दो बार चिट्टे के साथ हो चुकी है गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नशा तस्करी के गंभीर अपराधियों के खिलाफ अब पुलिस पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस ने इस अधिनियम के तहत डाउनडेल में रहने वाले अमित को तीन माह के लिए जेल भेज दिया है।
हरियाणा के करनाल का रहने वाला अमित वर्तमान में शिमला शहर के डाउनडेल क्षेत्र में रहता है और उसके खिलाफ चरस तथा चिट्टा तस्करी के तीन केस दर्ज हैं। इसकी नशा तस्करी में बार-बार संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कंडा जेल भेज दिया है। अमित काे वर्ष 2021 में कुरुक्षेत्र में 4 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा शिमला में उसे वर्ष 2022 में 2.6 ग्राम चिट्टे और वर्ष 2023 में 6.00 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस विभाग के मुताबिक नशा तस्करी में बार-बार संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस तैयार किया और उसे मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय के माध्यम से गृह सचिव को भेजा था। सरकार से मंजूरी के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई अमल में लाई है। नियमों के तहत पंद्रह दिन के भीतर पुलिस विभाग को इस मामले की फाइल सलाहकार बोर्ड के समक्ष भेजनी होती है।
एक पहले जा चुका है जेल, 15 को भेजने की तैयारी
पुलिस इस एक्ट के तहत नवांग सोनम को भी तीन महीने के लिए जेल भेज चुकी है। इसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तीन केस दर्ज थे। जिला पुलिस को तीन मामलों में आरोपियों को प्रिवेंशन डिटेंशन में भेजने की अनुमति मिली है जबकि 15 से अधिक मामलों को मंजूरी के लिए फाइल तैयार करके प्रदेश सरकार को भेजने की तैयारी की जा रही है। जिला पुलिस नशा तस्करों पर लगाम लगाने के लिए एक तरफ आरोपियों की धर पकड़ के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है तो वहीं बार-बार जमानत पर रिहा होने के बाद नशा तस्करी में संलिप्त होने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।