कॉलेज परिसर में 7.5 करोड़ रुपये से हो रहा निर्माण कार्य, 151 छात्राओं को मिलेगी हॉस्टल की सुविधा
विज्ञापन
क्रॉसर
दो विशेष कमरे दिव्यांग छात्राओं के लिए मिलेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय महाविद्यालय संजौली में छात्राओं के लिए अगले साल के अंत तक नए छात्रावास शुरू होने की संभावना है। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और आवास की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग इस महत्वाकांक्षी निर्माण कार्य पर लगभग 7.5 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। छात्रावास में 151 छात्राओं को हॉस्टल सुविधा मिलेगी।
परियोजना के तहत पांच मंजिला परिसर का निर्माण किया जा रहा है। छात्रावास में दिव्यांग छात्राओं के लिए 2 विशेष कमरे बनाए गए हैं। कॉलेज में छात्रावास की मांग लंबे समय से थी क्योंकि अधिकांश विद्यार्थी शहर में किराये के कमरे लेने को मजबूर थे। खासकर प्रदेश के दूरदराज इलाकों से आने वाली छात्राओं के लिए यह सुविधा राहत का कारण बनेगी। छात्रावास में पर्याप्त कमरे, स्वच्छ पेयजल, अध्ययन कक्ष, बिजली, सीवरेज व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि छात्रावास का ढांचा पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक आवश्यकताओं के अनुसार हो। महाविद्यालय में एक छात्रावास है लेकिन विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से यह पर्याप्त नहीं है। नई परियोजना के पूरा होने के बाद सैकड़ों छात्र और छात्राओं को छात्रावास की सुविधा मिलेगी। अभी विद्यार्थियों को किराये के कमरों में रहना पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को मजबूत करेगा और छात्रों तथा संकाय के बीच संतुलन बनाएगा।
परियोजना की गुणवत्ता प्राथमिकता : डॉ. भागड़ा
कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. भारती भागड़ा ने बताया कि परियोजना की गुणवत्ता और समय पर इसे पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्य पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि छह महीने के भीतर छात्रावास शुरू हो सके। यह परियोजना संजौली कॉलेज के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और छह महीने में इसका पूरा होना शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।