पोर्टमोर स्कूल की छात्राओं ने ओपन थियेटर में दीं प्रस्तुतियां संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से शनिवार को गेयटी थियेटर में लोक संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से सप्ताहांत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए गेयटी थियेटर में कहानी वाचन, म्यूजिकल बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ।
पूर्व भारतीय प्रशासनिक अधिकारी एवं वरिष्ठ रंग कर्मी श्रीनिवास जोशी ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। गेयटी थियेटर के सम्मेलन कक्ष में आयोजित कहानी वाचन में शहर के पांच स्कूलों के विद्यार्थियों और राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की छात्राओं को कोरा कागज नामक कहानी के माध्यम से कहानी लेखन के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और स्कूली पाठ्यक्रम के अतिरिक्त देश के प्रख्यात कहानीकारों की कहानियों को पढ़ने की सलाह दी। इस कहानी पर स्कूलों से आए छात्रों में आदित्य और अमृत अंजलि ने विश्लेषणात्मक टिप्पणियां भी कीं।
वहीं इस दौरान मुक्ताकाश मंच में प्रदेश की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर की छात्राओं ने ओपन थियेटर में म्यूजिकल बैंड, लोक गीतों और लोक नृत्य की पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा, उपनिदेशक कुसुम सिंघाईक, सरोजना नरवाल, सांस्कृतिक आयोजक जसविंद्र सिंह, ड्रामा इंस्पेक्टर किशोर कुमार, भूपेश शर्मा और देवेंद्र कुमार मौजूद रहे।