66 एमएलडी क्षमता वाली सतलुज पेयजल परियोजना से पहले चरण में शहर को मिलेगा 15 एमएलडी पानी
विज्ञापन
तीन साल टेंडर में उलझा रहा निर्माण कार्य, 1813 करोड़ रुपये है पूरे प्रोजेक्ट की लागत संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति लोगों को नए साल पर मिलने की उम्मीद भी काफी कम लग रही है। सतलुज पेयजल योजना के निर्माण और पानी की आपूर्ति शिमला पहुंचाने के लिए चार बार टारगेट बदले गए हैं।
बावजूद इसके परियोजना सिरे चढ़ती नहीं दिख रही है। 66 एमएलडी क्षमता वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले चरण में शिमला शहर तक 15 एमएलडी पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। लेकिन काम की धीमी रफ्तार के कारण शहरवासियों को सर्दियों के मौसम में भी पानी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि कंपनी का दावा है कि इन दिनों शकरोड़ी में पानी की टेस्टिंग प्रक्रिया चल रही है। जनवरी 2026 के अंत तक शहर में पानी आएगा। सूत्रों का कहना है कि कब तक पानी आएगा इसको लेकर तो परियोजना के कार्य से जुड़े अधिकारियों के पास भी कोई जवाब नहीं है।
विज्ञापन
साल 2015 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने 24 घंटे पानी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस परियोजना की नींव रखी थी। साल 2018 में भाजपा शासित नगर निगम ने जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए एसजेपीएनएल कंपनी का गठन किया। साल 2019 में परियोजना की लागत 1813 करोड़ रुपये आंकी गई। बावजूद इसके परियोजना के कार्य को धरातल पर उतरने में साल 2020 तक का समय लग गया। टेंडर प्रक्रिया में तीन वर्ष लग गए। साल 2022, 2023 और 2024 में पानी शिमला शहर में पहुंचाने की बात कही गई लेकिन योजना सिरे नहीं चढ़ी। दूसरी ओर शिमला की आबादी और पर्यटक संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पेयजल की मौजूदा उपलब्धता शहर की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रही। गर्मियों में पानी संकट और भी गहरा जाता है। सतलुज परियोजना शहर की लाइफ लाइन मानी जा रही है लेकिन इस परियोजना के शुरू न होने से अब मुश्किलें बढ़ गईं हैं।
हुल्ली और गुम्मा के बीच लगेगा ट्रांसफार्मर नगर निगम के अनुसार परियोजना में लो वोल्टेज की समस्या खत्म होगी। हुल्ली और गुम्मा के बीच 66 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इस ट्रांसफार्मर से सीधी इन परियोजना को बिजली की सप्लाई रहेगी। इससे लो वोल्टेज की समस्या रहती थी वह भी खत्म हो जाएगी।
शहर में अब जनवरी माह में मिलेगा पानी
शहर में जनवरी 2026 में परियोजना का पानी शिमला पहुंच जाएगा। इन दिनों शकरोड़ी में टेस्टिंग प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होने के बाद पानी दवाडा और डुम्मी से पानी संजौली तक पहुंचाया जाएगा तथा इसके बाद पूरे शहर में पानी की सप्लाई दी जाएगी। सुरेंद्र चौहान, महापौर नगर निगम शिमला