हिमाचल में स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र अब सौरमंडल पर लाइव स्टडी कर सकेंगे। इसके लिए शिमला से सटे शोघी के आनंदपुर में प्रदेश का पहला साइंस लर्निंग सेंटर बनेगा।
इस सेंटर में जापान, बर्लिन, नार्वे, कोलकाता और लखनऊ की तर्ज पर तारामंडल (प्लेनेटेरियम) बनेगा। इतना ही नहीं, इस सेंटर में किसानों-बागवानों को भी आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जाएगी।
यहां प्रस्तावित रिमोट सेंसिंग सेंटर में बर्फ, ग्लेश्यिरों, नदियों व जंगलों की स्थिति से भी रूबरू कराया जाएगा। तारामंडल के निर्माण की नीव इसी महीने के अंत तक पड़ जाएगी।
भूकंपरोधी भवनों के निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वेस्ट वाटर रिसाइक लिंग, सोलर एनर्जी के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। साइंस लर्निंग सेंटर में बायोडायवर्सिटी पार्क, रिमोट सेंसिंग सेंटर और साइंस म्यूजियम के अलावा अर्थ साइंस, एस्ट्रोनॉमी, एनवायरनमेंट, मैथ, फिजिक्स और केमिस्ट्री की आधुनिक प्रयोगशालाएं होंगी।