स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर बटोरी वाहवाही
एचआरटीसी ने सीपुर तक लोगों के लिए चलाईं बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दो दिवसीय जिला स्तरीय सीपुर मेला शुक्रवार को शुरू हो गया। मशोबरा से करीब तीन किलोमीटर दूर सीपुर मेले में खेल स्पर्धाओं का आयोजन भी किया गया।
मेले का शुभारंभ पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ देवता सीप महाराज के आगमन और स्वागत के साथ हुआ। शिवपुर गांव की निवासी 90 वर्षीय महिला मूर्ति देवी ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मशोबरा, बगथल, एमपीएस मशोबरा, मूलकोटी, मॉडल एजुकेशन स्कूल मशोबरा, सोफिया स्कूल मशोबरा, एमईएस मशोबरा और राघव पब्लिक स्कूल बल्देयां के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। मेले में जलेबी, पकौड़े और रंग-बिरंगी मिठाई के अलावा समोसे, पकोड़े, छोले, टिक्की तथा फास्ट फूड के स्टॉल लगाए गए हैं। इस मौके पर युवक मंडल के संयोजक तपेंद्र वर्मा, शारीरिक अध्यापक नंदलाल शर्मा मौजूद रहे। मेले के लिए बल्देयां जुब्बड़ से सुबह दस बजे से 37 सीटर बसें चलाई गईं। ढली से भी सीपुर तक के लिए अलग से चार छोटी बसें चलाई गईं। इंस्पेक्टर देवी चंद शर्मा ने बताया कि पूरा दिन निगम की बसें सवारियों के उपलब्ध होने पर सीपुर के लिए लोगों को लाने ले जाने का कार्य करती रहीं। कुछ जगह सड़क तंग होने के कारण जाम भी लगता रहा।
कबड्डी प्रतियोगिता में जुब्बल की टीम जीती
शिमला। सीपुर मेले में आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता में 10 टीमों ने भाग लिया। पहला मैच स्पोर्ट हॉस्टल जुब्बल और भट्ठाकुफर के बीच में खेला गया जिसमें जुब्बल की टीम जीती। दूसरा मुकाबला एमईएस और बाबा जागो बी के बीच में खेला गया जिसमें जागो बी की टीम ने जीती। तीसरा मुकाबला आईटीआई मशोबरा और बाबा जागो ए के बीच में खेला गया जिसमें जागो ए की टीम विजयी रही। चौथा मुकाबला पांवटा साहिब और जुब्बल बी के बीच में खेला जिसमें पांवटा साहिब की टीम विजयी हुई। पुरुष वर्ग की वाॅलीबाल प्रतियोगिता में 20 टीमों ने भाग लिया। पहला मुकाबला कोटी और बल्देयां के बीच में खेला गया जिसमें कोटी की टीम विजयी रही। दूसरा मुकाबला बल्देयां और कियार कोटी के बीच में खेला गया जिसमें कियार कोटी की टीम जीती। तीसरा मुकाबला पटगैहर और बजरंगदल टीम के बीच में हुआ जिसमें बजरंगदल की टीम ने जीत हासिल की।