शहर में पीटरहॉफ टैंक में लग रहा आधुनिक स्कॉडा सिस्टम, मशीनरी-सेंसर पहुंचे
मेयर और पार्षद ने नए टैंक का किया निरीक्षण, सफाई के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर में बने पेयजल टैंकों में पानी का स्तर कितना है, किस प्रेशर से पानी आ रहा है, इसकी पूरी जानकारी अब दफ्तर में लगी स्क्रीन पर मिलेगी। इसके लिए शहर के सभी बड़े जल भंडारण टैंकों में आधुनिक स्काडा सिस्टम लगाया जा रहा है।
पीटरहॉफ में बने सात एमएलडी के नए टैंक से इसकी शुरुआत की जा रही है। इसके लिए मशीनरी और सेंसर भी पहुंच गए हैं। स्काडा यानी सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्विजिशन सिस्टम के तहत टैंकों पर लगने वाले सैंसर पानी के स्तर और इसके प्रेशर से जुड़ी पूरी जानकारी देंगे। यह जानकारी दफ्तर में लगी स्क्रीन पर दिखेगी। अभी इसके लिए कर्मचारियों को खुद टैंक पर जाना पड़ता है। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल समेत निगम के कई पार्षदों ने सोमवार को पीटरहॉफ टैंक का निरीक्षण किया। हाल ही में तैयार किए गए इस टैंक में इन दिनों पानी भरा जा रहा है। अभी तक एक फीट पानी इसमें भर पाया है।
मौके पर मौजूद कनिष्ठ अभियंता हेमंत ठाकुर ने बताया कि रोजाना वार्डाें में दी जाने वाली आपूर्ति के बाद जो पानी बच रहा है, उससे यह टैंक भरा जा रहा है। इसकी टेस्टिंग भी चल रही है। अभियंता ने उस दफ्तर का भी निरीक्षण करवाया जहां स्काडा सिस्टम के तहत स्क्रीन लगनी है।
महापौर ने दिए सफाई के निर्देश
नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कंपनी के अधिकारियों को जल्द इस टैंक को भरने के निर्देश दिए ताकि इससे वार्डाें में पानी की आपूर्ति शुरू हो सके। इस टैंक से शहर के चौड़ा मैदान जोन के दस वार्डाें में पानी की आपूर्ति दी जा सकेगी। अभी इस क्षेत्र में बड़ा टैंक न होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार देर शाम को भी पानी की आपूर्ति मिलती है। अब इससे राहत मिलेगी। हालांकि, मेयर ने टैंक भरने के बाद इसकी पूरी सफाई करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर पार्षद किरण शर्मा, उर्मिला कश्यप, मोनिका भारद्वाज भी मौजूद रहीं।