फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: रिज पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के बीच तिरंगे को सलामी

विज्ञापन
विज्ञापन
भव्य मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राज्य स्तरीय समारोह को बनाया यादगार
विज्ञापन

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने किया परेड का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह देशभक्ति गीतों के रंगों में रंगा नजर आया। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की।

उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा के बीच तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राज्यपाल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर के नेतृत्व में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर प्रथम जेएंडके राइफल जतोग की लेफ्टिनेंट शाश्वत तिवारी के निर्देशन में निकाली गई और भव्य मार्च पास्ट सलामी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मंचासीन रहे।
विज्ञापन


पूरे रिज मैदान में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस, होम गार्ड्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के सैकड़ों जवान तैनात रहे। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा और कुलदीप सिंह राठौर, नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत, डीसी अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय गांधी, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गणतंत्र दिवस समारोह में परेड मुख्य आकर्षण रही। मार्च पास्ट सलामी में भारतीय सेना की प्रथम जेएंड के राइफल जतोग की टुकड़ी, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, पंजाब पुलिस, हिमाचल पुलिस, यातायात पुलिस, पुलिस ब्रास बैंड, होम गार्ड्स की टुकड़ियां, होम गार्ड्स बैंड, प्रदेश डाक सेवा, अग्निशमन सेवाएं, पूर्व सैनिक टुकड़ी, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना बाल और कन्या, भारत स्काउट एंड गाइड और आपदा प्रबंधन टुकड़ी शामिल रहीं।



18 झांकियां प्रस्तुत की गईं
पुलिस विभाग की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें चिट्टा जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को दर्शाया गया। इसके अलावा सेना की शस्त्र प्रदर्शन, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, फोरेंसिक सेवा निदेशालय, वन विभाग, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, शिक्षा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला, नगर निगम शिमला, हिम ऊर्जा, ग्रामीण विकास, उद्योग, पशुपालन, भाषा एवं संस्कृति, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग की झांकियां प्रदर्शित की गईं।




सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गूंजा लोक रंग
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को रंगारंग और जीवंत बना दिया। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकारों ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्य यंत्रों और सधे नृत्य आंदोलनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। हिमाचल पुलिस प्रथम वाहिनी बनगढ़ ऊना के एकलव्य कला मंच ने एंटी चिट्टा अभियान पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।
विज्ञापन




ऋतिक को मिला उत्तम जीवन रक्षा पदक
समारोह में चौपाल तहसील के चंबी डाकघर के गगाना गांव के ऋतिक चौहान को उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया। ऋतिक ने वर्ष 2024 में रेलवे ट्रैक पर खेल रही दो बच्चियों को सामने से आ रही ट्रेन से बचाकर अदम्य साहस का परिचय दिया। इस दौरान उनका पैर पटरी में फंस गया जिससे एक टांग में फ्रैक्चर और दूसरी में गंभीर चोट आई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें