11 फरवरी तक सुबह और शाम के वक्त रहेगी पाबंदी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के संजौली में पाइप बिछाने के कार्य के चलते ढींगू माता मंदिर से संजौली ढली रोड जंक्शन तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। जिला प्रशासन के अनुसार 11 फरवरी तक दिन के समय इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप की ओर से जारी आदेशों के अनुसार इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोज सुबह 11:00 से शाम 4:00 बजे तक बंद रहेगी। इसके अलावा शाम 6:30 से शाम 7:30 बजे तक भी आवाजाही बंद रहेगी। बाकी समय में यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा। 24 घंटे पानी देने की योजना के तहत शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड कंपनी इस सड़क पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य करने जा रही है। जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्यस्थल पर रिफ्लेक्टर जैकेट पहने ट्रैफिक मार्शल तैनात रहेंगे। साइन बोर्ड और बैरिकेड भी लगाए जाएंगे ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
सड़क पर खोदाई से निकलने वाले मलबे को रोजाना हटाना अनिवार्य होगा। आपात सेवाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों के लिए निर्बाध मार्ग उपलब्ध करवाया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम जनता से सहयोग की अपील की है तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।