चीन सीमा से सटे हिमाचल प्रदेश के गांव एवं किन्नौर जिले के सबसे दुर्गम करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित टाशीगंग तक जल्द ही सफर सुहाना होगा। पूह खंड के खाब ब्रिज से टाशीगंग तक करोड़ों की लागत से सड़क की हालत संवरेगी। लोक निर्माण विभाग करीब 14.50 करोड़ की लागत से 16 किलोमीटर मार्ग को चकाचक करेगा।
सड़क की मेटलिंग, टारिंग, पानी की निकासी नालियां और क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। सड़क को चौड़ा भी किया जाएगा, जिससे सेना, आईटीबीपी के जवानों सहित हजारों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। सुरक्षा के लिहाज से यह अति महत्वपूर्ण सड़क है, लेकिन बीते लंबे समय से इसकी हालत खराब है।
खस्ताहाल सड़क पर मरीजों को हिचकोले खाते हुए अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है। नमज्ञा और टाशीगंग सीमाओं पर तैनात जवानों को भी खस्ताहाल मार्ग से आवाजाही करनी पड़ रही है। अब सड़क पर मेटलिंग, टारिंग होने से भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, सेना के जवानों और हजारों लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
नमज्ञा पंचायत के प्रधान बलदेव नेगी, उपप्रधान शेर सिंह नेगी, महिला मंडल अध्यक्ष टाशीगंग मीना नेगी, नरबू छोरिया, इंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार, लक्ष्मण सिंह आदि ने केंद्र, प्रदेश सरकार, राजस्व एवं बागवानी मंत्री और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का आभार जताया है। कहा कि जल्द ही कार्य शुरू किया जाए ताकि सेना के जवानों सहित हजारों लोगों को बेहतर सड़क का लाभ मिले।
सेना और लोगों की सुविधा के मद्देनजर जल्द ही सड़क का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। करीब 14.50 करोड़ की लागत से 16 किलोमीटर सड़क दुरुस्त होगी। एक से डेढ़ वर्ष तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।-डीके सेन, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग कल्पा