सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचना चुनौती सड़क खस्ताहाल, स्टॉपेज पर घंटों कर रहे इंतजार
विज्ञापन
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में ओपीडी तो शुरू कर दी है लेकिन यहां मरीज कैसे पहुंचेंगे इसकी व्यवस्था सरकार और विभाग ने नहीं की है। मरीजों और तीमारदारों को उन्हीं के हाल पर छोड़ दिया है। अब मरीज खस्ता हाल सड़क और किराये के वाहनों में अस्पताल तक पहुंच रहे हैं। पेश है संवाददाता देवेंद्र ठाकुर की लाइव रिपोर्ट:-
लोग बोले, आधे अधूरे इंतजाम कर सरकार ने शुरू कर दी ओपीडी
अब परेशानी झेल रहे मरीज, समाधान की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिन : मंगलवार। समय : सुबह 11:00 बजे। ढली टनल के पास लोग सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के लिए टेंपों ट्रैवलर का इंतजार कर रहे हैं।
लोगों के चेहरों पर प्रदेश सरकार की ओर से आधे-अधूरे इंतजामों के साथ खोले अस्पताल को लेकर रोष था। लोगों का कहना है कि बिना सड़क दुरुस्त किए और शहर के विभिन्न हिस्सों से अस्पताल के लिए बसों की उचित व्यवस्था के बगैर यहां ओपीडी चलाना गलत है। उन्होंने बताया कि अगर अस्पताल पहुंचने में ही उन्हें 12:00 बजे जाएंगे तो वह चेकअप कब करवाएंगे? वहीं 11:50 बजे भट्ठाकुफर में भी लोग अस्पताल जाने के लिए टेंपों ट्रैवलर के आने का इंतजार कर रहे थे और सरकार के आधे अधूरे इंतजामों में शुरू किए अस्पताल तक पहुंचने के लिए परेशान हो रहे थे। इसमें ज्यादातर बुजुर्ग शामिल थे।
विज्ञापन
ओपीडी शुरू करने से पहले इंतजाम करे सरकार
सरकार को चमियाना में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोलने से पहले सड़क दुरुस्त करने चाहिए थी। इसके साथ परिवहन व्यवस्था का इंतजाम करना चाहिए था। खस्ताहाल सड़क को दुरुस्त करने की जरूरत है जबकि शहर के विभिन्न हिस्सों से बसें और टेंपो ट्रैवलर चलाने चाहिए। यहां पहुंचने के लिए पहले ढली तक बस ली इसके बाद करीब एक घंटे से यहां खड़ी हूं। काॅर्डियोलाॅजी की ओपीडी में चेकअप करवाने आई हूं।
- उषा सोनी, न्यू शिमला
आईजीएमसी में पता चला चमियाना जाना होगा सरकार ने चमियाना में अस्पताल खोल दिया लेकिन यहां आने जाने के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई है। पहले न्यूरोलॉजी की ओपीडी में जांच करवाने के लिए जानकारी के अभाव में आईजीएमसी चले गए। यहां लाइन में खड़े होने के बाद पता चला कि ओपीडी चमियान शिफ्ट हो गई है। इसके बाद बस से ढली पहुंचे और वहां से पैदल टनल के पास पहुंचे। यहां 10:20 बजे से खड़े हैं लेकिन कोई जाने का साधन नहीं मिल रहा है। -देव, ढांडा
सरकार को चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लिए सड़क को दुरुस्त करने की जरूरत है। हालत यह है कि टनल के पास लोग कीचड़ में खड़े होने को मजबूर हैं। यहां पर रेन शल्टर तक की सुविधा नहीं है। सड़क की हालत भी खस्ता है। सुबह के बाद 11:00 बजे तक कोई आवागमन की सुविधा नहीं मिल रही है। सरकार को इसमें सुधार करने की जरूरत है। -अर्चना, ढांडा
डेढ़ घंटे से कर रहे हैं इंतजार : सविता
सरकार को अस्पताल तक पहुंचने के लिए उचित इंतजाम करने के चाहिए। सुबह 9:30 बजे यहां पहुंच गए थे लेकिन टेंपों ट्रैवलर पूरी तरह से भरी हुई थी। इसके बाद यहां डेढ़ घंटे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अस्पताल पहुंचने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। सरकार को इसको लेकर उचित कदम उठाने की जरूरत है। सविता, केल्टी
आधे अधूरे इंतजाम से शुरू कर दी ओपीडी
सरकार ने आधे अधूरे इंतजाम के साथ चमियाना में ओपीडी शुरू कर दी है। इसका खामियाजा प्रदेश की जनता झेल रही है। यहां लोगों की सुविधा के लिए संकेत चिह्न तक नहीं हैं, जिससे लोगों को पता चल सके कि आखिरकार उन्हें कहां जाना है। सरकार को सड़क पक्की करने के साथ ही बसों की सुविधा भी उपलब्ध करवानी चाहिए।
चमियाना में ओपीडी शुरू करने से पहले सरकार को सड़क को पक्का करने के साथ ही चौड़ा करना चाहिए था, जिससे बसों की सुचारू रूप से आवाजाही हो सके। सड़क पक्की होने के बाद नियमित अंतराल के बाद बसों की सुविधा शुरू की जानी चाहिए। सरकार को ढली टनल ही नहीं पुराना बस स्टैंड से भी यहां आने के लिए बसों की सुविधा शुरू करनी चाहिए, जिससे मरीजों को यहां पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। -संजय कुमार, बिलासपुर