बाजारों से महंगे दामों पर सामान खरीदने को लोग मजबूर, अब गेहूं का आटा हो गया है डिपो में खत्म
विज्ञापन
कार्ड धारकों को चावल, चीनी और नमक ही मिला संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के राशन डिपो में दो महीनों से दालों और सरसों तेल की आपूर्ति ठप पड़ी है। डिपो आ रहे लोगों को खाली थैले लेकर घर लौटना पड़ रहा है। ऐसे में जिन लोगों की उम्मीदें हर महीने सरकारी राशन से जुड़ी हैं, वह अब बाजार से महंगी दरों पर राशन खरीदने को मजबूर हैं।
अब राशन डिपुओं में गेहूं का आटा भी खत्म हो गया है। डिपो में उपभोक्ताओं को चावल, दाल चना, मास और मलका सस्ती दरों पर मुहैया करवाई जाती है। संवाददाता ने शहर के विभिन्न राशन डिपुओं का जायजा लिया तो हालत और भी खराब निकली। दोपहर पौने एक बजे के करीब पंचायत भवन स्थित राशन डिपो में इक्का-दुक्का लोग राशन की खरीदारी को पहुंचे थे। अंदर जाकर देखा तो चावल और चीनी के करीब पांच कट्टे ही बचे थे। यह भी कब खत्म हो जाए पता नहीं। बस स्टैंड से पवन और कार्तिक राशन लेने के लिए आए थे। उन्होंने राशनकार्ड दिया और ओटीपी नंबर बताने के बाद राशन लेने लगे तो कहा गया दालें और तेल नहीं है। इस पर लोगों ने पूछा कि क्या मिलेगा तो जवाब मिला कि चावल, नमक और चीनी। इसके बाद बुजुर्ग और कई दिहाड़ी मजदूर जोकि बाद में राशन लेने के लिए आए, उन्हें अधूरा राशन लेकर मायूस लौटना पड़ा।
विज्ञापन
लोगों ने कहा कि नवरात्र से त्योहारी सीजन शुरू हो गया है ऐसे में पर्याप्त राशन न मिलने से दिक्कत हो रही है। परिवार आर्थिक रूप से इतने मजबूत नहीं हैं कि वह बाजारों से महंगी दरों पर बार-बार राशन की खरीदारी कर सकें। मिडल बाजार राशन डिपो पूरी तरह खाली पड़ा था। बाहर कुछ लोग खुली दरों पर सामान खरीदने आए थे। डिपो संचालक गुलाम हसन ने कहा कि अब लोग मोबाइल पर ही राशन की सूचना ले रहे है। वहीं जब पता चलता है कि एक या दो ही चीजें मिलेंगी तो वह बाद में आने की बात कह रहे हैं। बाजार में 10 किलो पैकिंग वाले आटे की थैली 400 रुपये में मिल रही है।
ग्रामीण हल्कों में आ गया है राशन
राजधानी के राशन गोदाम की हालत खराब है। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के गोदाम में दाल और तेल की पर्याप्त सप्लाई पहुंचना शुरू हो गई है। अब अक्तूबर महीना भी शुरू हो गया है, ऐसे में अगर इस दौरान भी दालें, तेल और आटा शहर के राशन डिपुओं में नहीं मिला तो समस्या और गहरा जाएगी। वहीं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने कहा कि राशन की सप्लाई आना शुरु हो गई है। जल्द ही लोगों को पूरा राशन मिलना शुरु हो जाएगा।