जिला कांगड़ा के पौंग बांध में साहसिक गतिविधियों के आयोजन के लिए क्षेत्र विस्तार की प्रक्रिया धीमी पड़ गई है। केंद्रीय वन्य जीव अभयारण्य बोर्ड से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब प्रदेश स्तर पर इसकी मंजूरी के लिए लंबित पड़ी है। अभी तक प्रदेश स्तर पर इसकी मंजूरी न मिलने के कारण झील में स्थित जल क्रीड़ा प्रशिक्षण संस्थान के क्षेत्र में ही इन्हें करवाया जा रहा है। झील के अभयारण्य क्षेत्र से नंगल चौक और मतयाल क्षेत्र के 7.5 वर्ग किलोमीटर भाग को बाहर किया जाना है।
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी बनाने की घोषणा के बाद इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। पौंग झील में विदेशी परिंदे पहुंचने से पर्यटकों की आवाजाही इस क्षेत्र में अधिक रहती है। साथ ही गर्मियों में पानी से बाहर आने वाले बाथू की लड़ी मंदिरों को देखने के लिए भी प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से पर्यटक पहुंचते हैं। वहीं, झील में साहसिक गतिविधियों के आयोजन से पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से कार्य किया जा रहा है।
इसके लिए झील में मोटर बोट, शिकारा, पैडल बोट चलाने की भी योजना है। झील में अभी अटल बिहारी वाजपेयी जल क्रीड़ा केंद्र के चिह्नित दो वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में ही साहसिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस क्षेत्र को बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से कुछ क्षेत्र को वन्य जीव अभयारण्य क्षेत्र से बाहर करने के लिए काफी समय से प्रयास किए जा रहेे हैं। उधर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि नंगल चौक और मतयाल के 7.5 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को अभयारण्य से बाहर करने की अब प्रदेश स्तर पर मंजूरी मिलना शेष है। मंजूरी मिलने के बाद इस क्षेत्र में भी साहसिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।