अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कृष्णानगर में घर से गैस सिलिंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब परिवार वैष्णोदेवी मंदिर दर्शन के लिए गया था।
आरोपी की पहचान अनिकेत निवासी कृष्णानगर के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से चोरी किए गए सिलिंडर को बरामद करने के लिए जांच कर रही है। सोमवार को कृष्णानगर निवासी पवन कुमार ने बताया कि 5 मार्च को वह परिवार के साथ वैष्णो देवी मंदिर के लिए गए थे। 9 मार्च को घर लौटने पर उन्होंने पाया कि उनके रसोईघर का ताला टूटा है और दरवाजा खुला है। जांच करने पर रसोईघर से दो गैस सिलिंडर चोरी पाए गए।
उन्होंने मामले की सूचना सदर पुलिस स्टेशन में दी। पुलिस की टीम ने घटनास्थल में जाकर मामले की जांच शुरू की तो मुखबिर से सूचना मिली कि अनिकेत निवासी कृष्णानगर को 7 मार्च को गैस सिलिंडर उठाकर लालपानी की ओर जाते हुए देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस टीम ने डाउनडेल, रेलवे पार्किंग और पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी। इस दौरान आरोपी अनिकेत को डाउनडेल क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस वजह से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और चोरी किए गए गैस सिलेंडर की बरामदगी के लिए कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।