हिमुडा ने मेगा प्रोजेक्ट के लिए हैदराबाद की कंपनी को किया शार्टलिस्ट, 15 जुलाई तक काम शुरू करने की तैयारी
परिसर में दुकानों, शोरूम, पार्किंग के साथ बनेंगे कई दफ्तर 10 बीघा जमीन पर किया जाएगा कांप्लेक्स का निर्माण 300 करोड़ रुपये होंगे निर्माण कार्य पर खर्च अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के विकासनगर में शिमला का सबसे बड़ा व्यावसायिक परिसर (शापिंग कांप्लेक्स) तैयार किया जाएगा। 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस परिसर में एक छत के नीचे कई सुविधाएं मिलेंगी।
हिमुडा ने इसके निर्माण के लिए हैदराबाद की एक कंपनी को शार्टलिस्ट किया है। 15 जुलाई तक इसका निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। विकासनगर में करीब 10 बीघा जमीन पर बनने वाले इस परिसर में दो भवनों का निर्माण होगा। इनमें एक 14 और दूसरा 17 मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम के बाद सरकार ने भी इसके निर्माण को मंजूरी दी है। राजधानी के कोर एरिया पर बढ़ते बोझ को कम करने के लिए इस परिसर में कई सरकारी दफ्तरों को भी शिफ्ट करने की योजना है। दो से तीन साल के भीतर इसका काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। परिसर में सरकारी दफ्तरों के लिए करीब 36 हजार वर्ग मीटर स्थान उपलब्ध होगा। प्रदेश सरकार ने अपने वार्षिक बजट में विकासनगर में नए परिसर के निर्माण की घोषणा की थी। अब इसे इसी साल से धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। हिमुडा के अधिशासी अभियंता दिनेश शर्मा ने बताया कि जुलाई से इस परिसर का निर्माण शुरू करने की तैयारी है। टेंडर संबंधी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।
नए परिसर में मिलेंगी कई सुविधाएं
नए परिसर में करीब 40 शोरूम, 8 कमरों की क्षमता वाला होटल, 2 रेस्तरां, सामुदायिक भवन, बैंक, दफ्तर समेत कई दुकानें खुलेंगी। इस परिसर में 200 से ज्यादा वाहनों के लिए पार्किंग भी तैयार की जाएगी। पार्किंग बनने से यहां आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। विकासनगर में ही दो बड़ी पार्किंग भी अब बनकर तैयार हो गई हैं। एसडीए परिसर में करीब 350 जबकि विकासनगर में पुलिस चौकी के पास 200 वाहनों की पार्किंग तैयार है। जनता को जल्द इनकी सुविधा मिलने लगेगी।