सिटी पब्लिक स्कूल भट्टाकुफर संजौली से दो बच्चों के लापता होने के मामले में छानबीन कर रही पुलिस रिपोर्ट से असंतुष्टि जताते हुए प्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए हैं।
अदालत ने पुलिस को आदेश दिए हैं कि वह मामले से जुड़े तमाम रिकार्ड को सीबीआई को सौंपे और सीबीआई को आदेश दिए हैं कि वह इस मामले में 14 जुलाई तक स्टेटस रिपोर्ट दायर करें।
गौरतलब है कि 27 नवंबर 2013 को सिटी पब्लिक स्कूल भट्टाकुफर संजौली से दो बच्चे लापता हो गए थे। बच्चों के माता-पिता ने 1 दिसंबर, 2013 को पुलिस स्टेशन ढली में मामला दर्ज करवाया था।
मामले में छानबीन को धीमी गति से चलते हुए प्रार्थियों ने हाईकोर्ट के समक्ष याचिका दायर की और अदालत से गुहार लगाई थी कि पुलिस को आदेश दिए जाए कि वह मामले में शीघ्र कार्यवाही करें।
अदालत पुलिस को बार-बार स्टेटस रिपोर्ट दायर करने के आदेश देती रही, लेकिन पुलिस आज तक मामले को सुलझाने में क्षम रही। मामले को सुलझाने में पुलिस की अक्षमता को देखते हुए हाई कोर्ट ने इस मामले की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपा है।