क्योंथल क्षेत्र में मिलजुल खेती-बाड़ी का काम निपटाते हैं लोग, नहीं लगाते मजदूर
विज्ञापन
बुआरा प्रथा से रखी थी सहकारिता आंदोलन की नींव
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। शहरों में लोग जहां अपने तक समिति होते जा रहे हैं वहीं जिला शिमला के क्योंथल क्षेत्र में आज भी बुआरा प्रथा कायम है। एक दूसरे के काम मिलकर निपटाने को बुआरा कहते हैं। इसमें खेेतीबाड़ी से लेकर तमाम कार्य ग्रामीण एक दूसरे की मदद से करते हैं। इन कार्यों के लिए लोग मजदूर नहीं लगाते।
बारिश होने के बाद इन दिनों किसान अपने खेत में गोबर ढोने सहित अन्य खेती के कार्यों में जुट गए हैं। सबसे पहले खेतों को हल जोतकर और गोबर मिलाकर खेती के काम के लिए तैयार किया जाता है। यह काम मार्च से पहले किया जाता है। खेतों में गोबर ढोने के लिए गांव के युवा आपसी सहयोग मतसब बुआरा करके कर रहे हैं। यह सहकारिता का एक जीवंत उदाहरण है।
विज्ञापन
बुआरा प्रथा से ही हिमाचल के ऊना जिला के गांव पंजावर से सहकारिता आंदोलन की नींव रखी गई थी इसका अनुसरण देश के सभी राज्यों द्वारा किया था। क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में एक दूसरे की मदद करने से सकारात्मक भावना पैदा होती थी। गांव में धार्मिक और सामाजिक कार्यों में तो लोग बढ़चढ़ कर अहम भूमिका निभाते ही हैं लेकिन व्यक्तिगत तौर पर यदि कोई व्यक्ति खेतीबाड़ी के कार्य में पिछड़ जाए तो गांव के सभी लोग मिलकर मदद करते हैं।
वरिष्ठ नागरिक दयाराम वर्मा, दौलत राम मेहता, जबर सिंह ठाकुर ने बताया कि भौतिकवाद और आधुनिकता की दौड़ में बुआरा प्रथा का प्रचलन काफी कम होने लगा है। इसके बावजूद भी बुआरा प्रथा ग्रामीण क्षेत्रों में आज कायम है। इनका कहना है कि गांव में खेत में गोबर ढोने, घास काटने, मक्की की गुड़ाई आदि कार्याें के लिए बुआरा किया जाता है। इसमें हर घर से एक व्यक्ति अनिवार्य रूप से भाग लेता है। गांव के सामूहिक कार्य में लोगों द्वारा दिए गए सहयोग को हैल्ला कहते हैं।
काम निपटाने के बाद डालते हैं नाटी
बुआरा के दौरान पहाड़ी भाषा में हास्य और व्यंग्य का दौर भी चलता है। लोग पहाड़ी गानों पर नाटी भी डालते हैं। अतीत में मनोरंजन का यह एक प्राकृतिक साधन हुआ करता था। काम करते हुए हंसी मजाक के माहौल खुशनुमा बन जाता है। रात को पहाड़ी व्यंजन बनाए जाते हैं और सभी बुआरा में आए लोग तथा बच्चे एक साथ बैठकर इसे ग्रहण करते हैं। इसमें पहाड़ी व्यंजन सिड्डू, चिलड़े और बबुर आदि बनाकर बनाए जाते हैं।