डीएवी स्कूल लक्कड़ बाजार में डीएसपी गुलशन नेगी ने विद्यार्थियों को दी नशा न करने की सलाह
विज्ञापन
नशे से युवा हो रहे मानसिक रूप से बीमार संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में चिट्टे का नशा युवाओं की जिंदगी को बर्बाद कर रहा है। ऐसे में युवाओं को इस जानलेवा नशे से बचने की जरूरत है। चिट्टे का नशा ऐसा है कि एक बार के सेवन से ही इसकी लत लग जाती है। इसकी लत छोड़ने में फिर सालों लग जाते हैं। नशे से बचने के लिए खुद को खेलो और पढ़ाई में व्यस्त रखो। यह बात डीएसपी सिटी गुलशन नेगी ने शनिवार को डीएवी स्कूल लक्कड़ बाजार में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जागरुक करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि न अपने दोस्तों और न ही किसी अजनबी के कहने पर नशे का सेवन करें। नशे की लत धीरे-धीरे युवाओं को अपने चंगुल में लेती है। इसमें पहले युवा शौक में धूम्रपान और इसके बाद चरस तथा सिंथेटिक ड्रग चिट्टे की लत में पड़ जाते हैं। सिंथेटिक ड्रग का नशा शरीर के लिए इतना हानिकारक है कि इसके लगातार सेवन से कुछ ही सालों में वह अकाल मृत्यु का ग्रास बन जाता है। चिट्टे का प्रभाव सीधे मस्तिष्क पर पड़ता है। इससे व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि आसपास कहीं नशे की गतिविधि दिखे तो इसकी सूचना तुरंत अभिभावकों, स्कूल के प्रिंसिपल या शिक्षक को दें।
विज्ञापन
अनजान व्यक्ति से कोई भी चीज न लें : बेरी
डीएवी स्कूल लक्कड़ बाजार की प्रधानाचार्य कामना बेरी ने कहा कि हमें मानव का जन्म बड़े सौभाग्य से प्राप्त होता है। ऐसे में हमें अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में ले जाने की जरूरत है। नशा बेचने वाले तस्कर ज्यादातर छोटे बच्चों के हाथों से नशे को दूसरे स्थान तक पहुंचाते है। ऐसा करने पर आप भी अनजाने में नशे के कारोबार में भागीदार बन जाएंगे। इसलिए कभी भी किसी अनजान व्यक्ति से कोई भी चीज हाथ में न पकड़े और न ही किसी पर विश्वास करें।
छात्रों ने पूछे सवाल, अधिकारी ने दिए जवाब
नौवीं कक्षा की खुशी ने पूछा कि चिट्टे में ऐसा कौन सा नशा होता है जिससे व्यक्ति को उसकी लत लग जाती है। अधिकारी ने कहा कि यह सिंथेटिक ड्रग्स हैं जो दिमाग और शरीर पर असर करता है। अमून ने पूछा के नशेड़ियों को ड्रग्स की सप्लाई कहां से मिलती है। अधिकारी ने कहा कि कुछ नशा तस्कर होते हैं जो बाहरी राज्यों से सप्लाई लाते हैं फिर स्कूल और कॉलेज के बाहर युवाओं को बेचते हैं। अभिवीर ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशा करता हुआ दिखे तो उसकी शिकायत पुलिस को कैसे भेजें। अधिकारी ने कहा कि ऐसे में 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचना दे सकते हैं। नौवीं कक्षा के अंशुल शर्मा ने पूछा कि यह कैसे पता लगाएं कि किस व्यक्ति ने चिट्टे का सेवन किया है। इस पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि उस व्यक्ति की गतिविधियां सामान्य व्यक्ति की अपेक्षा भिन्न होती हैं। नशा नहीं मिलने पर इसका आदी तड़पता है।