फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: क्रस्ना लैब में नहीं हुए टेस्ट, मरीजों को बाहर 3 गुना दाम पर करानी पड़ी जांच

विज्ञापन
विज्ञापन
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी), कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच), दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सोमवार को मरीजों को क्रस्ना लैब की टेस्ट सुविधा नहीं मिल सकी। क्रस्ना लैब में सुविधा न मिलने पर मरीजों ने बाहर निजी लैबों में तीन गुना दामों पर जांच करवाई। संवाददाता ने अस्पतालों का जायजा लिया। पेश है लाइव रिपोर्ट-
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। स्थान : न्यू ओपीडी, आईजीएमसी। समय : सुबह 11:00 बजे। मरीज टेस्ट करवाने के लिए सरकारी लैब के पंजीकरण काउंटर पर खड़े हैं। यहां सरकारी लैब के दो कर्मचारी बैठे हैं। इनके साथ ही क्रस्ना लैब के भी दो कर्मचारी तैनात हैं।

पंजीकरण काउंटर पर पर्ची देने के बाद मरीजों को बताया जा रहा है कि यहां केवल सीबीसी, आरएफटी और शुगर की जांच हो रही है। इसके अलावा कोई अन्य टेस्ट नहीं किया जा रहा। कई मरीजों को पर्चियां वापस कर दी गईं। इसके बाद मरीज क्रस्ना लैब के पंजीकरण काउंटर पर पहुंचे, लेकिन वहां पर्ची देते ही कर्मचारियों ने सैंपल लेने से मना कर दिया।
विज्ञापन


दरअसल सोमवार को क्रस्ना लैब में टेस्ट नहीं हुए। लैब प्रबंधन का कहना है कि सरकार ने उनके करोड़ों रुपये के बिलों का भुगतान नहीं किया है। इस कारण टेस्ट के लिए सामान खरीदने में दिक्कतें आ रही हैं। क्रस्ना लैब को टेस्ट के लिए सरकार ने अधिकृत किया है तथा इस लैब में सरकारी की ओर से निर्धारित दरों पर टेस्ट होते हैं लेकिन सोमवार को लैब बंद होने के कारण लोगों को बाहर तीन गुना दाम चुका कर टेस्ट करवाने पड़े। इसके अलावा मुफ्त टेस्टों के भी दाम चुकाने पड़े। मेडिसिन ओपीडी में जांच करवाने के बाद ठियोग से आए एक बुजुर्ग ने क्रस्ना लैब के काउंटर पर पर्ची दी, लेकिन उन्हें हड़ताल के कारण टेस्ट नहीं होने की जानकारी दी गई। उन्हें केवल वाइल देकर दूसरी जगह से जांच करवाने के लिए भेज दिया गया। स्थान : ए ब्लॉक, आईजीएमसी। समय : दोपहर 12:00 बजे। यहां क्रस्ना लैब का एक और सैंपल कलेक्शन सेंटर है। यहां के पंजीकरण काउंटर पर मरीज टेस्ट की सुविधा लेने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन कर्मचारी उन्हें मना कर हड़ताल के बारे में बता रहे हैं। स्थान : केएनएच। समय : दोपहर 12:30 बजे। क्रस्ना लैब के पंजीकरण काउंटर पर महिला मरीजों को टेस्ट की सुविधा नहीं मिल रही है। स्टाफ सिर्फ आपात स्थिति में आने वाले मरीजों के सैंपल लेकर उनकी जांच कर रहा है। इसके अलावा पुरानी टेस्ट रिपोर्ट देने का काम भी कर्मचारी कर रहे हैं।


कहा, दूसरी जगह जाकर दें सैंपल
नारकंडा से आईजीएमसी में जांच करवाने पहुंचे केदार चौहान ने कहा कि क्रस्ना लैब की हड़ताल के कारण उन्हें दर-दर की ठोकरें खानी पड़ीं। मरीजों की न तो सरकार कोई सुध ले रही है और न ही अस्पताल प्रबंधन ने कोई अतिरिक्त व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक से जांच करवाने के बाद रक्त के सैंपल की जांच के लिए उन्हें कई चक्कर काटने पड़े।


कहां करवाएं टेस्ट, कोई जानकारी नहीं
ठियोग निवासी राकेश मेहता ने कहा कि उनके छोटे भाई को दिल की शिकायत थी। वह आपात स्थिति में जांच करवाने के लिए आए थे। मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने टेस्ट करवाने की सलाह दी लेकिन क्रस्ना लैब में टेस्ट नहीं हुए। इससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल की सरकारी लैब में भी नाममात्र के टेस्ट हो रहे हैं। इसके अलावा निजी लैब में जाकर टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं।


एचबीए-वन सी टेस्ट भी नहीं हुआ
कोटखाई के केशव लाल ने बताया कि वह मधुमेह के मरीज हैं। चिकित्सक ने उन्हें पिछले तीन महीनों के औसत शुगर स्तर की जांच के लिए एचबीए1सी टेस्ट करवाने की सलाह दी थी। इसके बाद वह पहले सरकारी लैब में जांच करवाने गए, लेकिन वहां एचबीए वन सी टेस्ट की सुविधा नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद वह क्रस्ना लैब में टेस्ट करवाने पहुंचे तो कर्मचारियों ने हड़ताल के कारण जांच करने से मना कर दिया। आखिरकार उन्हें निजी लैब में पैसे देकर टेस्ट करवाना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें