19,940 रुपये बकाया किराया ब्याज सहित चुकाना होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के जाखू स्थित एक आवासीय क्वार्टर का किराया न चुकाने और मकान मालिक की निजी जरूरत के आधार पर अदालत ने किरायेदार को परिसर खाली करने का आदेश दिया है। रेंट कंट्रोलर संदीप सिंह सिहाग की अदालत ने प्रतिवादी किरायेदार को 19,940 रुपये का बकाया किराया 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज और मुकदमे के खर्च सहित अदा करने के आदेश दिए हैं।
मामले के अनुसार जाखू निवासी स्नेह कुठियाल ने हिमाचल प्रदेश शहरी किराया नियंत्रण अधिनियम की धारा 14 के तहत रेंट याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता ने बताया कि जाखू स्थित उनके क्वार्टर में काफी समय पहले प्रतिवादी उमेश शर्मा के पिता को किरायेदार रखा था। याचिका में आरोप लगाया कि प्रतिवादी ने एक अप्रैल 2020 से 200 रुपये प्रतिमाह की दर से किराये का भुगतान नहीं किया है। इसके अलावा याचिकाकर्ता ने अपनी बेटियों के नौकरों और सहायकों के रहने के लिए परिसर की निजी जरूरत बताते हुए क्वार्टर खाली करवाने की मांग की थी।
29 मई 2025 को दायर इस याचिका पर अदालत की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद प्रतिवादी पेश नहीं हुआ। इसके चलते दो जनवरी 2026 को उसके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई शुरू की गई। अदालत ने याचिकाकर्ता के बयान और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर माना कि प्रतिवादी के अनुपस्थित रहने के कारण याचिकाकर्ता के दावे अप्रतिवादित रहे। सभी तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करने के बाद अदालत ने याचिका स्वीकार कर ली। अदालत ने प्रतिवादी को संबंधित परिसर खाली करने और 19,940 रुपये का बकाया किराया 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज तथा मुकदमे के खर्च सहित चुकाने का आदेश दिया।