बल्देयां से 5, हलोग-धामी 4 व बढ़ई से एक ने भरा नामांकन पत्र
विज्ञापन
चमियाना से अभी एक पर्चा नहीं हो पाया है दाखिल
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला शिमला में पंचायतीराज चुनाव का शंखनाद होते ही प्रत्याशियों ने मैदान में उतरना शुरू कर दिया है। ऐसे में वीरवार को ग्रामीण एसडीएम कार्यालय में चमियाना बल्देयां, बढ़ई और हलोग धामी के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन जिला परिषद के वार्ड सदस्यों के रूप में करीब दस प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। इनमें बल्देयां वार्ड से 5, हलोग-धामी से 4 और बढ़ई वार्ड से 1 प्रत्याशी ने अपना नामांकन भरा। चमियाना वार्ड से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा है।
एसडीएम कार्यालय में जिला परिषद सदस्यों की दावेदारी करने वाले प्रत्याशी सुबह दस बजे से ही अपने समर्थकों के साथ जुटना शुरू हो गए थे। इस वजह से एसडीएम कार्यालय के बाहर भारी भीड़ हो गई थी। समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत को लेकर चर्चा में जुटे थे। दूसरी ओर प्रत्याशी अपनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हुए थे। सुबह के जैसे ही ग्यारह बजे बल्देयां, हलोग-धामी और बढ़ई वार्ड के प्रत्याशियों ने एक-एक कर ग्रामीण एसडीएम मंजीत शर्मा के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। एसडीएम ग्रामीण मंजीत शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भी नामांकन भरे जाएंगे। इसके बाद 11 मई को भी नामांकन प्रत्याशी भर सकेंगे। 12 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और 14 तथा 15 मई को सुबह 10:00 से शाम 3:00 बजे तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापिस ले सकेंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद की मतगणना 31 मई को होगी।
किसने कहां से भरा नामांकन
जिला परिषद के हलोग धामी वार्ड से अनीता देवी, कमलेश शर्मा, सरोज औ कविता कंवर ने सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पेश किया है। बल्देयां वार्ड से मोहन सिंह, भारत भूषण, नरेंद्र कुमार, हीरानंद और दलीप कुमार ने ने सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पेश किया है। बढ़ई वार्ड से मीना देवी ने सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पेश किया है। स्थानीय निकायों से संबंधित निर्वाचन के प्रयोग को लेकर जिला परिषद सदस्यों को नामांकन भरने के बाद सौ रुपये की रसीद भी काटी।