केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि देश के हर जिले में टेली मेडिसन केंद्र खोला जाएगा। आम जनमानस तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाने के लिए इस सेवा से देश के 70 मेडिकल कॉलेजों को जोड़ा जा रहा है। इसमें 50 कॉलेजों को जोड़ा जा चुका है। किन्नौर के स्नो बाउंड पूह एरिया और अमरनाथ तक के दुर्गम क्षेत्र पीजीआई चंडीगढ़ टेली मेडिसन सेवा से जोड़े गए हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में टेली मेडिसन सेवा स्वास्थ्य विभाग की अहम सेवा के रूप में उभर रही है। रोगी की चिकित्सीय सलाह बड़े मेडिकल कॉलेज या संबंधित रोगों के विशेषज्ञों से वीडियो, ईमेल, स्मार्ट फोन, वायरलेस उपकरण और दूर संचार प्रौद्योगिकी के अन्य रूपों से ली जाती है। नड्डा सोलन के चंबाघाट स्थित शहीद पार्क में भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान बोल रहे थे।
इस दौरान सांसद वीरेंद्र कश्यप के अलावा भाजपा नेताओं में चंद्रमोहन ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल, केएल ठाकुर, राजीव सहजल, गोविंद शर्मा और केएल ठाकुर आदि मौजूद रहे। वहीं पाइनग्रोव में अनौपचारिक बातचीत में उनके हिमाचल आने की अटकलों पर नड्डा ने कोई टिप्पणी नहीं दी।