कबड्डी में कालीघाटी, बैडमिंटन पुरुष में बसंतपुर और महिला में धारगोरा विजेता
एक माह तक चले महाकुंभ में 10 हजार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ-2026 का रविवार को समापन हो गया। क्रिकेट में बनुटी टीम विजेता और घणाहट्टी टीम उपविजेता रही। वॉलीबॉल में ओगली टीम विजेता और धमून टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन (पुरुष) में बसंतपुर टीम विजेता तो सुन्नी टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन (महिला) में धारगोरा टीम विजेता तो भरारा टीम उपविजेता रही। कबड्डी (पुरुष) में कालीघाटी टीम विजेता तो कोहबाग टीम उपविजेता रही।
शिमला ग्रामीण विधानसभा की तहसील सुन्नी में खेल महाकुंभ आयोजित किया गया। समापन समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी में हुआ। इसमें लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। एक माह से चल रही खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 10 हजार युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने भाग लिया। पहली बार महिलाओं को कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसी खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया। समापन समारोह में विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस प्रतिभा सिंह, पूर्व विधायक सोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, देवेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष पंचायत समिति कौशल्या शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर आदि उपस्थित रहे।