बालूगंज खेल मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, पहले दिन खेले गए 13 मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के बालूगंज खेल मैदान में शुक्रवार को जस्सी लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 13 मुकाबले खेले गए। पहले दिन एसयूएफसी जूनियर ने 6-0 से सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पहला मुकाबला सुबह आठ बजे एचपी-25 बॉयज और शोघी के बीच हुआ। इसमें एचपी-25 बॉयज ने 1-0 से जीत हासिल की। शिमला एफसी ने अंडर-18 वर्ग में यंग बॉयज को 2-0 से हराया। एचपी-25 बॉयज ने शिवा को 1-0 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। अंडर-18 वर्ग में बूम शिवा ने अमिगो एफसी को 3-0 से मात दी। वीडीसी ने केलसांग को 2-1 से हराया। टीम शिवा ने खलीनी एफसी को 5-0 से शिकस्त दी। वीडीसी ने केओंथल एफसी को 2-0 से हराकर दूसरी जीत अपने नाम की।
दोपहर बाद खेले गए मुकाबलों में भट्ठाकुफर एफसी ने ऑडियो एफसी लेजेंड्स को 2-1 से हराया। टीम-7 ने डार्कसाइडर्स के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल की। एसयूएफसी जूनियर ने एफसी खलीनी जूनियर को 6-0 से हराकर जीत दर्ज की।
आयोजन समिति के सदस्य विथूल ने बताया कि जूनियर वर्ग में 12 और सीनियर वर्ग में 18 टीमें भाग ले रही हैं। रविवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। इस अवसर पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।